आज की यह वारदात भी नक्सलियों की एक शर्मनाक और कायरतापूर्ण हरकत है, इस नक्सल वारदात की भर्त्सना करते हुए सिंह ने कहा ।
छुपकर वार करना कायरों की पहचान: मुख्यमंत्री
रायपुर 08 मई (36गढ़ डाट इन) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज राज्य के बीजापुर जिले के ग्राम कोड़ेपाल में नक्सलियों द्वारा बारूदी सुरंग विस्फोट के जरिए केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के आठ जवानों की नृशंस हत्या किए जाने की घटना की तीव्र निन्दा की है और कहा है कि घात लगाकर और छुपकर वार करना कायरों की पहचान होती है।
डॉ. सिंह ने शहीद जवानों के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है और घायल जवानों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
सिंह ने इस नक्सल वारदात की भर्त्सना करते हुए कहा आज की यह वारदात भी नक्सलियों की एक शर्मनाक और कायरतापूर्ण हरकत है।
सुरक्षा बलों के हमारे बहादुर जवानों ने बस्तर को नक्सल हिंसा से मुक्त कराने के अपने राष्ट्रीयर् कत्तव्य का पालन करते हुए प्राणों की आहुति दी है।
उनकी यह शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। सिंह ने कहा कि लगभग एक महीने पहले विगत छह अप्रैल को दंतेवाड़ा जिले के ताड़मेटला में 76 जवानों की हत्या करने के बाद नक्सलियों ने आज बीजापुर जिले में भी अपने हिंसक और अमानवीय चेहरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
देश के सभी शांति प्रिय नागरिकों और मानव अधिकारों में सच्ची आस्था रखने वाले संगठनों को एक स्वर से इस घटना की निन्दा करनी चाहिए।
डॉ. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार केन्द्रीय सुरक्षा बलों के सहयोग से नक्सल हिंसा और आतंक को हमेशा के लिए समाप्त करने वचनबध्द है।
36गढ़ डाट इन