यह कार्यवाही विभागीय मंत्री श्री राजेश मूणत के निर्देश पर विभाग द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर की गई है।
रायपुर, 4 फरवरी (36गढ़ डाट इन)-राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा सी.एफ.एल. टयूब लाईटो की खरीदी में अनियमितता तथा गौरव पथ निर्माण में गड़बड़ी के कारण मुख्य नगर पालिका अधिकारी तिल्दा तथा मुख्य नगर पंचायत अधिकारी कसडोल को निलम्बित कर दिया गया है।
यह कार्यवाही विभागीय मंत्री श्री राजेश मूणत के निर्देश पर विभाग द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर की गई है।
नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि नगर पालिका परिषद तिल्दा की मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती कृष्णा खटिक को सी.एफ.एल टयूब लाईटों की खरीदी तथा भुगतान में अनियमितता के कारण्ाों से निलम्बित किया गया है।
नगर पालिका परिषद द्वारा 500 नग बजाज सी.एफ.एल. टयूब लाईट (2 ग 36 वाट) की खरीदी की अनुमति इस शर्त पर दी गयी थी कि इसका भुगतान नगर पालिका द्वारा निर्मित दुकानों के आवंटन से प्राप्त राशि से किया जाएगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती खटिक ने भण्डार क्रय नियमों के विरूध्द जाकर 500 नग के बजाय पार्षद निधि का भी उपयोग करते हुए कुल 729 नग टयब लाईट खरीद ली।
ये टयूब लाईटें प्रचलित बाजार मूल्य से अधिक दर पर क्रय की गयी। दुकानों की नीलामी की स्वीकृति राज्य शासन से न मिलने पर इन टयूब लाईटों का भुगतान मूलभूत मद की राशि से कर दिया गया।
संचालनालय द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच में श्रीमती खटिक पर वित्तीय अनियमितता के आरोप की पुष्टि हुई है।
इसी प्रकार नगर पंचायत कसडोल में गौरव-पथ की निर्माण की गुणवत्ता में खराबी के कारण मुख्य नगर पंचायत अधिकारी श्री डी.आर.बेनर्जी तथा सहायक अभियंता श्री एस.के.साहू को निलम्बित कर दिया गया है।
उपरोक्त गौरव-पथ में सड़क की मोटाई भी निर्धारित मापदण्डों के अनुसार नहीं पायी गयी। विभाग द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच में सड़क निर्माण की गुणवत्ता में कमी पाई गई।
नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत द्वारा सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को वित्तीय एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में इसी प्रकार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
36गढ़ डाट इन