हरियाणा ने उत्तरांचल को 34-24 अंकों से हराकर पुरुष वर्ग में विजेता का खिताब जीता तथा पश्चिम बंगाल ने विगत वर्ष के विजेता पूणे को 24-14 अंकों से हरा कर महिला वर्ग में विजेता का खिताब जीता।
रायगढ़ (छत्तीसगढ़) 22 जनवरी (36गढ़ डाट इन)-ओपी जिंदल मेमोरियल अखिल भारतीय आमंत्रण कबड्डी चैम्पियनशिप 2010 का आज रंगारंग समापन हो गया।
हरियाणा ने उत्तरांचल को 34-24 अंकों से हराकर पुरुष वर्ग में विजेता का खिताब जीता तथा पश्चिम बंगाल ने विगत वर्ष के विजेता पूणे को 24-14 अंकों से हरा कर महिला वर्ग में विजेता का खिताब जीता।
दोनों ही वर्ग के प्रत्येक विजेता टीमों को 31,000 रूपए की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। रायगढ़ के ओपी जिंदल स्कूल परिसर में खेल तीन मैदानों में खेला गया।
महिला वर्ग में बेस्ट रेडर का पुरस्कार पश्चिम बंगाल की पायल चौधरी को बेस्ट कार्नर का पुरस्कार पश्चिम बंगाल की रिंकू मोशेल तथा श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार पुणे की शीतल मारणे को दिया गया। प्रत्येक खिलाड़ी को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 
पुरुष वर्ग में बेस्ट रेडर का पुरस्कार हरियाणा के अमित को, बेस्ट कार्नर का पुरस्कार उत्तरांचल के राजीव को तथा मैन चैम्पियनशिप में श्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी का खिताब हरियाणा के जयदीप को मिला। प्रत्येक खिलाड़ी को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, वाणिज्यिक कर, राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री अमर अग्रवाल और समारोह अध्यक्ष लैलूंगा विधायक हृदयराम राठिया ने विजेता टीमों एवं खिलाडिय़ों को पुरस्कार प्रदान किए और सभी विजेता खिलाडिय़ों को उनकी शानदार जीत की बधाई दी एवं प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ी को खेल एवं भाईचारे की भावना से शानदार खेल प्रदर्शन करने पर सराहना की।
समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, वाणिज्यिक कर, राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री अमर अग्रवाल, लैलूंगा विधायक हृदयराम राठिया, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, नगर निगम सभापति सुरेश गोयल, किरोड़ीमल नगर पंचायत अध्यक्ष विजय अग्रवाल, जिला कांग्रेस महामंत्री गुरुपाल भल्ला, पूर्व सभापति सुभाष पाण्डेय, जगन्नाथपाणी ग्रहि, गोपाल शर्मा, राष्ट्रीय कबड्डी संघ के आब्जरवर कृष्णनंद लक्कड़, जिला अमेच्योर कब्डडी संघ के आरएस वाधवा, सचिव राजेश पटनायक, एक्जीक्युटिव डायरेक्टर (सीमेंट डिविजन) जीडीएस सोहल, एक्जीक्युटिव डायरेक्टर (प्री-फेब्रिकेशन शाप) पीएस राणा, एक्जीक्युटिव वाइस प्रेसीडेंट राकेश कुमार मंच पर विराजमान थे।
ओम प्रकाश जिंदल संघर्षशील व्यक्तित्व थे: अमर अग्रवाल
समापन एवं पारितोषिक वितरण समारोह के मुख्य अतिथि मंत्री अमर अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में स्व. ओम प्रकाश जिंदल, (जिनकी स्मृति में यह चैम्पियनशिप आयोजित है) के कर्मठ व्यक्तित्व और उनके साथ हुई भेंट-मुलाकातों का स्मरण करते हुए उन्हें एक महान संघर्षशील और जुझारू व्यक्तित्व के धनी कहा।
अग्रवाल ने कहा कि स्व. ओम प्रकाश जिंदल जी का जीवन संघर्ष और जुझारूपन की गाथा है, जिसके चलते ही स्व जिंदल जिंदल उद्योग समूह जैसे विशाल साम्राज्य खड़ा करने में सफल रहे। अग्रवाल ने औद्योगिक विकास में जिंदल समूह के योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की।
अग्रवाल ने कहा कि कबड्डी खेल व्यक्ति को जुझारू और संघर्षशील बनाता है। खेल से खेल और खिलाड़ी भावना बलवती होती है। जीत हार महत्वपूर्ण नहीं है, क्योंकि जीवन में जीत-हार लगा रहता है।
लेकिन श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश निरंतर करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल पूरा होने के बाद जब विजेता और हारी हुई टीम के खिलाड़ी गले मिल रहे थे, तो दिल प्रफुल्लित हो गया। खेल आपस में प्रेम और सद्भाव बढ़ाता है।
जिंदल ने रायगढ़ को राष्ट्रीय पहचान दिलाई: हृदयराम राठिया
पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता कर रहे लैलूंगा विधायक हृदय राम राठिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण अंचलों में सर्वाधिक लोकप्रिय खेलक को बढ़ावा देना अपने आप में एक महत्वपूर्ण कार्य है।
रायगढ़ जिले को प्रदेश और राष्ट्र स्तर पर अनूठी पहचान दिलाने में जिंदल उद्योग समूह की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं है कि जिंदल ने रायगढ़ को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
राठिया ने यह भी कहा कि यदि हम विकास की बात करें तो यह बात सत्य है कि आज केवल प्रदेश ही नहीं सभी प्रान्त रायगढ़ जिले को विकास की दृष्टिकोण से उम्मीदभरी निगाहों से देखते हैं।
खासकर लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र को। राठिया ने कबड्डी चैम्पियनशिप की प्रशंसा की करते हुए कहाकि कबड्डी एक उत्सव भरा खेल है और यह खिलाडिय़ों में उत्साह भरता है। उन्होंने खिलाडिय़ों को जीत की बधाई दी।
महिला वर्ग की प्रतिभागी टीम:
महिला वर्ग में छह राज्यों की 10 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागी टीमों में पुणे (महाराष्ट्र), पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ पुलिस, रायगढ़, जांजगीर, भिलाई, झारखण्ड, कोरबा, हरियाणा और मध्यप्रदेश शामिल थीं।
पुरुष वर्ग की प्रतिभागी टीम:
पुरुष वर्ग में 9 राज्यों की टीमें हिस्सा लेने आई हैं। प्रतिभागी टीमों में छत्तीसगढ़ (रायगढ़, बिलासपुर, जांजगीर, कोरबा, तमनार, जेएसपीएल), मध्यप्रदेश, उत्तरांचल, हरियाणा, गुजरात (साईं सेंटर गुजरात), झारखण्ड, बैंक आफ महाराष्ट्र (महाराष्ट्र), चंडीगढ़ एवं पश्चिम बंगाल शामिल थीं।
36गढ़ डाट इन