एमआर एकादश को हराकर जेएसपीएल (ए) बना चैम्पियन : मुख्य अतिथि एसपी राहुल शर्मा ने खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया
रायगढ़, 19 फरवरी (36गढ़ डाट इन)- जिला स्तरीय जिंदल कप टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हो गया। जेएसपीएल (ए) ने पिछले वर्ष की अपनी जीत की परंपरा को बरकरार रखते हुए इस वर्ष भी चैम्पियनशिप जीत ली। मेडिकल रिप्रेजेन्टेटिव एकादश प्रतियोगिता का उप-विजेता बना।
प्रतियोगिता का समापन 17 फरवरी को जिंदल स्टील एण्ड पावर लिमिटेड रायगढ़ स्थित पोलो मैदान में खेला गया। खेल संपन्न होने के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ।
पुरस्कार वितरण समारोह में रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक श्री राहुल शर्मा मुख्य अतिथि थे। श्री शर्मा नेे खिलाडिय़ों को जीत की बधाई दी। श्री शर्मा के हाथों से विजेता टीम को इनाम के रूप में 21 हजार रुपए और उप-विजेता को 15 हजार रूपए नकद तथा कप प्रदान कर सम्मानित किया गया।
श्री शर्मा ने इस अवसर पर जेएसपीएल की खेल पहलों एवं आयोजनों की सराहना की। विजेता टीम के प्रत्येक खिलाडिय़ों और शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया।
जेएसपीएल के सत्यनारायण को मैन आफ द मैच, उपकार कपूर को मैन आफ द सीरिज, पंकज को बेस्ट बालर, अंशु रैना को बेस्ट बैट्स मैन आफ द मैच तथा उपविजेता टीम के राजेश को बेस्ट फिल्डर का खिताब प्राप्त हुआ। अंपायर हिमांशु चावड़ा तथा सोमेन चटर्जी को भी पुरस्कृत किया गया।
जेएसपीएल के एक्जीक्युटिव डायरेक्टर श्री ए.के. मुखर्जी ने इस अवसर पर खिलाडिय़ों को जीत की बधाई दी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह बहुत ही सफल खेल आयोजन है।
जेएसपीएल खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई तरह से पहल कर रही है और खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन करती रहती है। जेएसपीएल विभिन्न तरह के खेलों तथा खिलाडिय़ों को संरक्षण प्रदान करती है।
हमारा प्रयास रहता है कि खिलाडय़ों को भरपूर सुविधा मिले ताकि वे अच्छा प्रदर्शन कर रायगढ़ का नाम रौशन करें। महाप्रबंधक (लाइजन एवं जनसम्पर्क) श्री संजीव चौहान ने पुरस्कार वितरण समारोह में अतिथियों, सहभागियों और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से खेल को सफल बनाने वाले सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
फाइनल मैच में विजेता जेएसपीएल (ए) और एमआर एकादश के मध्य मुकाबला हुआ। एमआर एकादश ने पहले खेलते हुए निर्धारित ओवरों में 90 रन बनाए। इसके जवाब में जेएसपीएल (ए) ने इस लक्ष्य को 18वें ओवर में हासिल कर लिया।
6 विकेट से यह मैच जीत लिया गया। सेमीफाइनल के लीग आधार पर खेले गए। सेमीफायनल में चार टीम जेएसपीएल (ए), जेएसपीएल (बी), नलवा और एमआर इलेवन के बीच मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया।
36गढ़ डाट इन