छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक का कहना था कि पृथक राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ में हुई उल्लेखनीय सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति का श्रेय औद्योगीकरण को दिया जाना चाहिए।
रायगढ़, 21 जनवरी (36गढ़ डाट इन)- ओपी जिंदल मेमोरियल अखिल भारतीय आमंत्रण कबड्डी चैम्पियनशिप चल रहा है। अभी पिछले दिनों छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक और खरसिया विधायक इसका उद्घाटन करने पधारे हुए थे।
श्री कौशिक ने उद्घाटन समारोह में रायगढ़ को प्रदेश में संस्कृति और कला की ध्वजवाहक नगरी की संज्ञा दी और जिंदल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता की दिल खोलकर सराहना की।
उनका कहना था कि पृथक राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ में हुई उल्लेखनीय सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति का श्रेय औद्योगीकरण को दिया जाना चाहिए। उनका यह भी कहना था कि विगत 8-9 वर्षों में राज्य में क्रांतिक्रारी सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव आया है। उन्होंने राज्य के विकास में कृषि की भूमिका को अत्यधिक बहुत महत्वपूर्ण बताया।
विधानसभा अध्यक्ष के उद्बोधन के पहले कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खरसिया विधायक नंदकुमार पटेल प्रदेश के विकास में उद्योगों की भूमिकाक की बड़ाई करते हुए रायगढ़ को प्रदेश में एक अग्रणी औद्योगिक क्षेत्र के रूप में नाम दिलाने में जिंदल स्टील एण्ड पावर लिमिटेड की सराहना कर चुके थे।
श्री पटेल ने जब स्थानीय लोगों को रोजगार दिए जाने की बात उठाई और आपराधिक घटनाओं का जोशिले अंदाज में जिक्र किया तो विधान सभा अध्यक्ष ने इसके प्रत्युत्तर में चुटकी लेते हुए उन्हें नसीहत दे डाली। श्रौ कौशिक ने कहा कि उनकी बातों से ऐसा लग रहा है जैसे नंद कुमार पटेल जी खेल मैदान में नहीं बल्कि विधानसभा में भाषण दे रहे हैं।
श्री कौशिक ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की यह बड़ी उपलब्धि है कि जहां पहले छत्तीसगढ़ के लोग दूसरे प्रदेशों में रोजगार के लिए जाते थे वहीं अब दीगर प्रदेशों के लिए लोग रोजगार की तलाश में छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उन्होंने युवाओं तकनीकी शिक्षा से जोडऩे में उद्योगों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
खरसिया विधायक श्री पटेल ने राष्ट्र के विकास में रायगढ़ जिले के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बहुत ही खुशी की बात है कि आर्थिक संपन्नता लाने में हमारा जिला भी योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि जिंदल स्टील एण्ड पावर लिमिटेड के आने से रायगढ़ जिले का उल्लेखनीय विकास हुआ है। श्री पटेल ने जिंदल के पर्यावरण प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि जिंदल संयंत्र से प्रदूषण लगभग नहीं के बराबर फैलता है।
कंपनी जल संरक्षण के मामले में भी बहुत सचेत है। और भी उद्योगों को इसी तरह ही जनभावनाओं के साथ जुडक़र कार्य करना चाहिए। श्री पटेल ने कहाकि औद्योगीकरण का लाभ स्थानीय लोगों को मिले, तभी उद्योगों की सार्थकता है।
36गढ़ डाट इन