केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के विशेष सचिव एन.के.दास प्रदेश में कृषि से संबंधित जानकारियों की 'ऑन लाईन कम्यूनिकेशन' गतिविधियों से खासे प्रभावित हुए और इस संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
रायपुर 04 फरवरी (36गढ़ डाट इन)-छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी और किसानों के विकास से संबंधित केन्द्र सरकार की योजनाओं के सफल संचालन के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के विशेष सचिव एन.के.दास ने राज्य सरकार की प्रशंसा की है।
श्री दास प्रदेश में कृषि से संबंधित जानकारियों की 'ऑन लाईन कम्यूनिकेशन' गतिविधियों से खासे प्रभावित हुए और इस संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने यहां मंत्रालय में कृषि उत्पादन आयुक्त श्री सरजियस मिंज और राज्य सरकार के सचिव कृषि श्री बी.एल.अग्रवाल की उपस्थिति में कृषि, पशुधन विकास, मछली पालन उद्यानिकी सहित राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की समीक्षा की।
भारत सरकार के सचिव ने राज्य में संचालित माईक्रो मैनेजमेंट योजना, जलग्रहण क्षेत्र विकास कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, आईसोपॉम योजना, कृषि यांत्रिकीकरण योजना सहित आत्मा योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों को लाभांवित करने पर प्रसन्नता जाहिर की।
राज्य सरकार की ओर से कृषि उत्पादन आयुक्त श्री मिंज एवं सचिव श्री अग्रवाल ने विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं के तहत राज्य द्वारा प्रेषित किए गए प्रस्तावों को जल्द से जल्द मंजूरी देने की मांग भी विशेष सचिव दास से की।
अधिकारियों ने पिछले वर्षों की स्वीकृत कार्य योजनाओं के लिए लंबित एवं बची हुई राशि शीघ्र विमुक्त कर राज्य सरकार को उपलब्ध कराने की भी मांग की।
राज्य सरकार के अधिकारियों ने किसानों के हित में सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत ड्रिप और स्प्रिंकलर स्थापना पर अनुदान राशि बढ़ाने की मांग भी केन्द्र सरकार से की।
बैठक में श्री दास ने राज्य में विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी इंटरनेट के माध्यम से भी उपलब्ध कराने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे आधुनिक युग में खेती किसानी के विकास के लिए क्रांतिकारी कदम बताया।
अधिकारियों ने केन्द्रीय विशेष सचिव को जानकारी दी कि राज्य सरकार ने फसलवार क्षेत्राच्छादन, बीज वितरण, उर्वरक वितरण सहित कृषि से संबंधित विभिन्न जानकारी इंटरनेट पर विभागीय वेबसाईट के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराई है।
सभी जानकारियों को प्रतिदिन अपडेट किया जाता है। इंटरनेट पर विभागीय वेबसाईट में कृषि विकास के लिए संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवंटित बजट और खर्च किए जा चुके बजट की भी अद्यतन जानकारी उपलब्ध रहती है।
किसान किसी भी स्थान से सिंचाई के लिए नलकूप खनन करने, स्प्रिंकलर प्राप्त करने, नाडेप टांका बनाने सहित कृषि यंत्रों की खरीदी पर शासकीय अनुदान प्राप्त करने के लिए इंटरनेट के माध्यम से आवेदन और पंजीकरण करा सकते हैं।
सरकार ने गुणवत्ता पूर्ण उर्वरकों की दिन प्रतिदिन मॉनिटरिंग के लिए कम्पनीवार मांग और पूर्ति की जानकारी भी किसानों को इंटरनेट के माध्यम उपलब्ध करा दी है।
कृषि उत्पादन आयुक्त श्री सरजियस मिंज ने आज की तारीख में राज्य की कृषि संबंधी जानकारी इंटरनेट से प्रिंट लेकर श्री दास को भेंट भी की।
राज्य के कृषि सचिव श्री अग्रवाल ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ के पांच जिलों बस्तर, कबीरधाम, बिलासपुर, रायगढ़ और सरगुजा में आत्मा योजना का संलाचन सफलता पूर्वक किया जा रहा है।
उन्होंने भारत सरकार के विशेष सचिव के समक्ष इस योजना प्रदेश के बाकी तेरह जिलों में भी शुरू करने की मांग रखी। साथ ही वर्ष 2009-10 के लिए इस योजना के तहत स्वीकृत किए गए सात करोड़ 88 लाख रूपए भी जल्द से जल्द विमुक्त करने की मांग की।
श्री अग्रवाल ने जानकारी दी कि राज्य में कृषि अभियांत्रिकी प्रोत्साहन योजना के तहत वर्ष 2009-10 में निर्धारित लक्ष्यों के विरूध्द अब तक 202 ट्रेक्टर, 496 पॉवर ट्रिलर, 878 शक्ति चलित कृषि यंत्र और आठ हजार 159 हस्त चलित एवं बैल चलित कृषि यंत्र शासकीय अनुदान पर किसानों को बांटे जा चुके हैं।
वित्तीय वर्ष के अंत तक अधिक से अधिक किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत लाभान्वित करने के प्रयास तेजी से किए जा रहे है।
36गढ़ डाट इन