छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और देश के प्रसिध्द योग ऋषि स्वामी रामदेव आज यहां आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद के बोध-उत्सव में शामिल हुए।
रायपुर, 12 फरवरी (36गढ़ डाट इन) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और देश के प्रसिध्द योग ऋषि स्वामी रामदेव आज यहां आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद के बोध-उत्सव में शामिल हुए।
स्थानीय टाटीबंद मोहल्ले में स्थित महर्षि दयानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह और स्वामी रामदेव ने 'अग्निदूत' पत्रिका के विशेषांक का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने वहां आज ही बस्तर अंचल के नक्सल हिंसा पीड़ित बेसहारा बच्चों के लिए आवासीय स्कूल भवन निर्माण के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज महाशिवरात्रि और महर्षि दयानंद बोध-उत्सव मनाया जा रहा है। मानवता की भलाई के लिए इस प्रकार का कार्य शुरू करने के लिए इससे अच्छा दिन नहीं हो सकता था।
उन्होंने संस्था की प्रगति के लिए अपनी शुभेच्छा प्रकट की। इस अवसर पर वहां आर्य समाज का प्रांतीय महासम्मेलन भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रसिध्द समाज सेवी श्री मित्रसेन सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
36गढ़ डाट इन