छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री शेखर दत्त ने आज राज्य के जिला मुख्यालय दुर्ग में भारत संचार निगम लिमिटेड के दस लाख लाईनों की क्षमता वाले मोबाईल स्वीचिंग केन्द्र का उद्धाटन किया।
रायपुर,12 फरवरी (36गढ़ डाट इन) छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री शेखर दत्त ने आज राज्य के जिला मुख्यालय दुर्ग में भारत संचार निगम लिमिटेड के दस लाख लाईनों की क्षमता वाले मोबाईल स्वीचिंग केन्द्र का उद्धाटन किया।
इस मौके पर समारोह को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दूरसंचार सभी सूचनात्मक गतिविधियों का आधार स्तंभ है। टेलीफोन और मोबाईल फोन की सुविधाओं के जरिए दूरसंचार की आधुनिक प्रौद्योगिकी ने दूरियों को कम कर दिया है।
इसके फलस्वरूप आज पूरी दुनिया एक गांव में तब्दील होती जा रही है। श्री दत्त ने कहा कि दूरसंचार की सुविधाएं केवल समृध्द लोगों के लिए नहीं बल्कि जन सामान्य के लिए भी बहुत जरूरी और उपयोगी हैं।
ये सुविधाएं हमारे गांवों में भी प्रवेश कर रही हैं, जो निश्चित रूप से ग्रामीण जीवन को भी सहज-सरल और सुविधाजनक बनाएंगी।
उन्होंने कहा कि आर्थिक मंदी के वैश्विक संकट के बावजूद भारतीय दूरसंचार के क्षेत्र में सशक्त विकास हुआ है। भारत, मोबाईल उपभोक्ता के क्षेत्र में दूसरे स्थान के साथ विश्व का सबसे तेजी से उभरता हुआ दूरसंचार बाजार है।
यह विकास बहुत कारकों पर निर्भर करता है, विशेषकर मोबाईल हैंडसेट की कीमतों में कमी एवं जनसामान्य में उसके उपयोग के बढ़ते रूझान के कारण ही यह संभव हुआ है।
ग्रामीण अंचल में मोबाईल का बढ़ता हुआ रूझान न केवल आगे चलता रहेगा, बल्कि भविष्य में और भी अधिक मजबूती के साथ स्थापित हो जाएगा, क्योंकि ग्रामीण उपभोक्ताओं की संख्या का अनुपात निरंतर बढ़ते जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हम ऐसी सेवा चाहते है जो स्थिर और विश्वसनीय होने के साथ जनसामान्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए त्वरित सेवा उपलब्ध करा सके, ताकि उपभोक्ता अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जरूरतों के अनुसार इन सुविधाओं का उपयोग कर सके।
36गढ़ डाट इन