वर्तमान कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाकर, उन्हें संसाधनों से सुसज्जित कर और उनमें प्रदेश की नई पीढ़ी के लिए नये जमाने की जरूरतों के अनुरूप रोजगारमूलक पाठयक्रम शुरू कर उनका उन्नयन किया जाएगा।
रायपुर,13 फरवरी (36गढ़ डाट इन) मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य में अब और अधिक नये कॉलेज नहीं खोले जाएंगे।
वर्तमान कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाकर, उन्हें संसाधनों से सुसज्जित कर और उनमें प्रदेश की नई पीढ़ी के लिए नये जमाने की जरूरतों के अनुरूप रोजगारमूलक पाठयक्रम शुरू कर उनका उन्नयन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आज दोपहर यहां छत्ताीसगढ़ महाविद्यालयीन और विश्वविद्यालयीन शिक्षक महासंघ द्वारा उनके अभिनंदन के लिए आयोजित को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. सिंह ने कहा कि छत्ताीसगढ़ में कृषि, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और संगीत आदि के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की सुविधा बढ़ाने के लिए बड़ी और दूरगामी सोच लेकर और कम से कम पन्द्रह वर्ष की एक दीर्घकालीन कार्य योजना बनाकर उस पर गंभीरता से अमल करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा की सुविधा दिलाने के लिए विगत वर्षो में निश्चित रूप से अनेक उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। इस दौरान सरकारी कॉलेजों की संख्या 119 से बढ़कर 159 तक पहुंच गई हैं, वहीं विश्वविद्यालयों की संख्या भी पांच से बढ़कर ग्यारह हो गई है।
प्रदेश के लगभग हर विकासखण्ड में अब उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध है। डॉ. सिंह ने कहा कि इसे देखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है कि अब अतिरिक्त कॉलेज नहीं खोले जाएंगे।
वर्तमान कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाकर उन्हें अपग्रेड किया जाएगा। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश के शासकीय कॉलेजों को संसाधनों से सुसज्जित कर उनमें छात्र-छात्राओं के लिए ज्यादा से ज्यादा रोजगार मूलक पाठयक्रम शुरू किए जाएंगे।
इसमें हमारे शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उल्लेखनीय है कि राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों को मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा के विगत शीतकालीन सत्र में यूजीसी वेतनमान स्वीकृत करने की घोषणा की गई थी।
36गढ़ डाट इन