भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2005 बैच की अफसर श्रीमति आर. संगीता ने आज कबीरधाम कलेक्टर का पदभार ग्रहण कर लिया है।
कबीरधाम, 15 फरवरी (36गढ़ डाट इन) भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2005 बैच की अफसर श्रीमति आर. संगीता ने आज कबीरधाम कलेक्टर का पदभार ग्रहण कर लिया है।
सोमवार को सुबह 11 बजकर 10 मिनट मे निवर्तमान कलेक्टर सिध्दार्थ कोमल सिंह परदेशी ने नवपदस्थ कलेक्टर आर.संगीता को पदभार सौंपा।पद्भार ग्रहण के बाद कलेक्टर आर.संगीता ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मे अधिकारियों की संक्षिप्त बैठक भी ली।
श्रीमति संगीता ने अधिकारियों से होकर कहा कि जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने लोगों की भलाई व विकास के लिये मिलजुलकर कार्य करें। उन्होने सभी विभागों के अफसरों को कर्तव्यपरायणता के साथ समय सीमा मे विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की नसीहत दी।
कलेक्टर संगीता शीघ्र ही वर्तमान विकास योजनाओं को तेजी से पूरा करने व भावी योजनाओं का ब्लू प्रिंट तैयार करने विभागीय अधिकारियों की अलग से बैठक लेंगी।
उन्होने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने विभागों को आपसी समन्वय व बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने कहा।
आर.संगीता कबीरधाम जिले की 10 वां कलेक्टर व जिले की प्रथम महिला कलेक्टर हैं। बैचलर ऑफ साईंस, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन व एल.एल.बी की शिक्षा ग्रहण करने के बाद श्रीमति आर. संगीता भारतीय प्रशासनिक सेवा मे आयी हैं।
तमिलनाडु निवासी श्रीमति संगीता अपने शासकीय सेवा के दौरान प्रदेश के रायपुर जिले मे सहायक कलेक्टर, कोरबा जिले मे कटघोरा एसडीएम व बस्तर जिला पंचायत सीईओ के पद पर कार्य कर चुकी हैं।
बस्तर जिला पंचायत मे मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद से पदोन्नत होकर वे कबीरधाम कलेक्टर बनकर आयी हैं। उनके कार्यकाल के दौरान बस्तर जिले को प्रधानमंत्री के हाथो नई दिल्ली मे इसी साल 2 फरवरी को महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी उत्कृष्टता पुरस्कार मिला।
श्रीमति संगीता ने प्रशासनिक व विकासमूलक कार्यों के सुचारू क्रियान्वयन के साथ ही आदिवासी बहुल बस्तर जिले के युवाओं को अखिल भारतीय सेवाओं की तैयारी के लिये जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया।
कबीरधाम जिले मे अब तक 9 कलेक्टर हो चुके हैं। अविभाजित मध्यप्रदेश मे कबीरधाम जिले के गठन के बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा के अफसर एस.डी. अग्रवाल प्रथम कलेक्टर बने।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के अवध बिहारी, एम. आर. ठाकुर, एस. के . केहरी, मणिपुर-त्रिपुरा कैडर के एम.वी. सुब्बारेड्डी, शिव कुमार तिवारी, बी.एल. तिवारी, सोनमणि बोरा, सिध्दार्थ कोमल सिंह परदेशी कबीरधाम जिले के कलेक्टर रह चुके हैं।
36गढ़ डाट इन