राजधानी रायपुर स्थित एयरपोर्ट को नया स्वरूप देकर उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है। आगामी कुछ ही महीनों में माना हवाई अड्डे में सबकुछ बदला-बदला सा हुआ दिखेगा, क्योंकि यहां तेजी से निर्माण कार्य जारी है।
रायपुर, 16 फरवरी (36गढ़ डाट इन) राजधानी रायपुर स्थित एयरपोर्ट को नया स्वरूप देकर उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है।
आगामी कुछ ही महीनों में माना हवाई अड्डे में सबकुछ बदला-बदला सा हुआ दिखेगा, क्योंकि यहां तेजी से निर्माण कार्य जारी है। नए टर्मिनल भवन के साथ ही नया एयरपोर्ट भवन भी स्वरूप ले रहा है।
टर्मिनल भवन में अधोसंरचना खड़ा करने का काम लगभग पूरा हो गया है। एयरपोर्ट कंट्रोलर अनिल राय का कहना है कि सितंबर 2010 तक सभी निर्माण कार्य पूरा कर लेने का लक्ष्य है।
नए भवन का काम पूरा होते ही लोगों को इंटरनेशनल एयरपोर्ट में मिलने वाली सुविधाएं राजधानी में मिलनी शुरू हो जाएंगी। हवाई पट्टी की लंबाई बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू करना संभव हो जाएगा। नए एकीकृत टर्मिनल भवन का निर्माण 50 सालों की जरूरत को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
बताया गया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास इस समय 595 एकड़ जमीन है। नया टर्मिनल भवन के साथ सुविधाओं के विस्तार के लिए 379 एकड़ जमीन की और आवश्यकता होगी।
रनवे को विकसित करने के बाद ही दूसरी तरफ के हिस्से में विस्तार के लिए एक हजार एकड़ जमीन की और जरूरत पड़ेगी।
नए भवन में सुरक्षा का भी खास ख्याल रखा जाएगा। हर हिस्सा सीसीटीवी कैमरों की नजर में होगा, जो लगातार रिकार्डिग करता जाएगा। इसके अलावा बैग्स एक्सरे मशीन भी लगाई जाएगी।
इसकी मदद से बिना बैग को खोले ही अंदर रखे सामान की जांच करना संभव हो जाएगा। इससे सुरक्षा जांच में लगने वाले समय की बचत होगी।
36गढ़ डाट इन