कलेक्ट्रेट परिसर मे कलेक्टर ने मंगलवार अधिकारी-कर्मचारियों से रूबरू होकर कहा कि आम जनता के आवेदन को कागज मात्र न समझे बल्कि कागज मे लिखी मानवीय भावनाओं को समझकर समस्याओं का निराकरण करें।
कवर्धा 16 फरवरी (36गढ़ डाट इन)-शासकीय दफतरों के कामकाज मे कसावट लाकर लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिये जिला प्रशासन ने नये सिरे से प्रयास शुरू कर दिये हैं।
कलेक्टर आर. संगीता ने कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि कार्यालयों मे लोगों के आवेदनो का त्वरित निराकरण हो ताकि आम जनता को एक ही आवेदन कई जगह देना न पड़े।
कलेक्ट्रेट परिसर मे कलेक्टर ने मंगलवार अधिकारी-कर्मचारियों से रूबरू होकर कहा कि आम जनता के आवेदन को कागज मात्र न समझे बल्कि कागज मे लिखी मानवीय भावनाओं को समझकर समस्याओं का निराकरण करें।
उन्होने कहा कि आवेदकों की योजना से संबंधित पात्रता को जांचे-परखें व अपात्र पाये जाने पर आवेदकों को संबंधित शासकीय योजना की सहीं जानकारी भी प्रदान करें।
श्रीमति आर. संगीता ने कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट जिले के लोगों के आस्था व विश्वास का केंद्र है और समस्या लेकर कलेक्ट्रेट आने वाला हर आदमी जिला प्रशासन की नजर मे महत्वपूर्ण है, इसलिये संवेदनशीलता के साथ लोगों की कठिनाईयों का त्वरित निराकरण करें।
कलेक्टर ने कर्मचारियों को नियम-कानून के दायरे मे रहकर शासकीय दायित्वों का शुचितापूर्ण निर्वहण करने की सीख भी दी।
कलेक्टर ने कहा कि अपनी समस्या लेकर आने वाले लोगों को कर्मचारियों की सीट पर उपस्थित नहीं होने के कारण वापस न लौटना पड़े। उन्होने कर्मचारियों को सुबह साढे दस बजे कार्यालय मे उपस्थिति सुनिश्चित करने सख्त निर्देश दिये।
कलेक्टर ने फाईलों को अनावश्यक रूप से नहीं रोकने कर्मचारियों को निर्देशित किया। उन्होने कर्मचारियो को आश्वस्त किया कि उन्हे कार्य करने का बेहतर वातावरण प्रदान किया जायेगा।
इस दौरान कलेक्टर ने अधीनस्थ कर्मचारियों से सम्मानजनक व्यवहार करने अधिकारियों से अपेक्षा भी की। उन्होने कहा कि कार्यालयों मे अधिकारियो व कर्मचारियों की बैठने के लिये पर्याप्त जगह उपलब्ध करायी जायेगी।
कर्मचारी अपनी जरूरतों व समस्याओं को लेकर सीधे उनसे भी मिल सकते हैं। इस मौके पर अपर कलेक्टर जे.के. ध्रुव, संयुक्त कलेक्टर ओंकार यदु, संयुक्त कलेक्टर तिग्गा, संयुक्त कलेक्टर अग्रवाल व अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
36गढ़ डाट इन