मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने रायपुर जिले के विकासखंड सिमगा स्थित ग्राम पंचायत फरहदा को मुख्यमंत्री स्वस्थ पंचायत योजना के तहत विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी है।
रायपुर,16 फरवरी (36गढ़ डाट इन) मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने रायपुर जिले के विकासखंड सिमगा स्थित ग्राम पंचायत फरहदा को मुख्यमंत्री स्वस्थ पंचायत योजना के तहत विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी है।
डॉ. सिंह ने अपने निवास पर इस ग्राम पंचायत के लिए योजना के तहत दस हजार रूपए की पुरस्कार राशि का चेक और प्रमाण पत्र सरपंच डॉ. किशोर सिंह ठाकुर को भेंट किया।
लोकसभा सांसद श्री चंदूलाल साहू और सिमगा के प्रभारी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एल. चंदन सहित राजिम के श्री अभिषेक मिश्रा और सिमगा के श्री देवेन्द्र साहू भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
सरपंच डॉ. किशोर सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्राम पंचायत फरहदा को नन्हे बच्चों और गर्भवती माताओं के टीकाकरण और जननी सुरक्षा योजना के तहत स्वास्थ्य केन्द्रों में सुरक्षित प्रसव सहित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं के सर्वश्रेष्ठ क्रियान्वयन पर यह पुरस्कार घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि यह इस ग्राम पंचायत और वहां निवास कर रहे सभी ग्रामीणों के लिए गर्व की बात है।
डॉ. सिंह ने उम्मीद जताई कि फरहदा ग्राम पंचायत के लोगों में स्वास्थ्य के प्रति इस प्रकार की सराहनीय जागरूकता हमेशा कायम रहेगी।
36गढ़ डाट इन