गर्मी के मौसम को घ्यान में रखकर छत्तीसगढ़ में आम जनता को स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा हैंडपम्प सुधार अभियान चलाया जा रहा है।
रायपुर,19 फरवरी (36गढ़ डाट इन) गर्मी के मौसम को घ्यान में रखकर छत्तीसगढ़ में आम जनता को स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा हैंडपम्प सुधार अभियान चलाया जा रहा है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश पर चले रहे इस अभियान के तहत विभाग द्वारा अब तक प्रदेश में भर में तकनीकी खराबी के कारण बंद ग्यारह हजार से अधिक हैंडपम्पों को सुधार कर चालू किया जा चुका है।
राज्य में पेयजल समस्या के समाधान के लिए इस वर्ष चौदह हजार नये नलकूप खोदने का लक्ष्य भी लगभग पूर्णता की ओर है।
इस लक्ष्य को आगामी 31 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक नब्बे लोगों पर एक हैंडपम्प उपलब्ध हो गया है, जो कि राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
देश में इसका राष्ट्रीय औसत ढाई सौ की आबादी पर एक हैंडपम्प का है। छत्तीसगढ़ में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा अब तक स्थापित हैंडपम्पों की संख्या दो लाख 0211 तक पहुंच गयी है।
हैंडपम्पों में तकनीकी खराबी शिकायत मिलने पर विभाग द्वारा उन्हें जल्द से जल्द सुधारने की भी व्यवस्था की गयी है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव श्री दिनेश श्रीवास्तव ने आज यहां बताया कि हैंडपम्प सुधारने के साथ-साथ विभागीय कर्मचारी आम जनता के सामने इसका पंचनामा भी तैयार कर रहे हैं, जिसे अगले महीने जनपद पंचायतों की बैठकों में पेश किया जाएगा।
इसके अलावा विभाग के कार्यपालन अभियंता अपने कार्य क्षेत्र के जिलों से संबंधित जिला पंचायतों की बैठकों में अभियान का प्रगति प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करेंगे। विभाग के मुख्य अभियंताओं से लेकर हैंडपम्प मैकेनिक तक सभी अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान में लगे हुए हैं।
विभाग द्वारा अभियान के तहत पर्याप्त मात्रा में हैंडपम्प स्पेयर्स, राइजर पाइंप और पावर पम्पों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि भू-जल स्तर नीचे चले जाने पर भी लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री केदार कश्यप ने विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्य क्षेत्रों का सघन दौरा करने और अभियान के तहत हैंडपम्पों के सुधार कार्यों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए हैं।
36गढ़ डाट इन