सरगुजा में लगभग 6,500 नागरिक मोतियाबिंद से पीड़ित हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से मोतियाबिंद पीड़ितों को उनके आंखों की रौशनी वापस लौटाई जा सकेगी।
अंबिकापुर, 20 फरवरी (36गढ़ डाट इन) - बालको के विशाल मोतियाबिंद आपरेशन शिविर का उद्घाटन अंबिकापुर विधायक श्री सिंहदेव ने 19 फरवरी को किया। बालको द्वारा नेत्र शिविर का आयोजन अत्यंत पवित्र कार्य है।
विश्वस्तरीय वेदांत समूह की कंपनी बालको ने छत्तीसगढ़ के विकास में जो कार्य संचालित किए वे अत्यंत सराहनीय हैं।
अंबिकापुर विधायक श्री टी.एस. सिंहदेव ने ये उद्गार बालको प्रबंधन की ओर से अंबिकापुर के जिला शासकीय अस्पताल में आयोजित नि:शुल्क विशाल मोतियाबिंद शिविर का उद्घाटन करते हुए व्यक्त किए।
जिला अंधत्व निवारण समिति के सहयोग से 18 से 20 फरवरी, 2010 तक आयोजित शिविर का क्रियान्वयन स्वयंसेवी संगठन एम.एस.एस.व्ही.पी. ने किया है।
श्री सिंहदेव ने अपने उद्बोधन में यह भी कहा कि वेदांत समूह एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी है जिससे सरगुजा के लोगों को जुड़ने का अवसर मिला है।
उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि समूह की कंपनी बालको द्वारा सरगुजा के मैनपाट के अलावा छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंदों की मदद की दृष्टि से अनेक योजनाएं चलाई जा रही है।
श्री सिंहदेव ने विश्वास जताया कि बालको देश की आर्थिक मजबूती के साथ ही सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक उत्थान में अपना योगदान देता रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि बालको के शिविर से मोतियाबिंद पीड़ितों को आंखों की रौशनी वापस मिलेगी।
श्री सिंहदेव ने मोतियाबिंद आपरेशन शिविर में आए मरीजों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर श्री सिंहदेव ने जिला अस्पताल में लेजर पद्धति से मोतियाबिंद आपरेशन करने वाली मशीन की उपलब्धता की बात कही।
उन्होंने बताया कि इस मशीन से अधिक सुविधाजनक ढंग से मोतियाबिंद पीड़ितों का आपरेशन संभव है। मशीन की उपलब्धता विधायक मद एवं अन्य स्त्रोतों से सुनिश्चित की जाएगी।
सरगुजा जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. पी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि मोतियाबिंद से पीड़ित प्रत्येक बुजुर्ग का आWपरेशन अनिवार्य है। इसी से उनकी दीर्घायु सुनिश्चित की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि सरगुजा में लगभग 6,500 नागरिक मोतियाबिंद से पीड़ित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से मोतियाबिंद पीड़ितों को उनके आंखों की रौशनी वापस लौटाई जा सकेगी।
इस अवसर पर जिला अंधत्व निवारण समिति के सचिव डा. एस.सी. वैश्य ने नेत्र शिविर के आयोजन के लिए बालको प्रबंधन के सहयोग की सराहना करते हुए बताया कि पिछले वर्ष बालको प्रबंधन ने नेत्र आWपरेशन से संबंधित लगभग 2 लाख रुपए की अत्याधुनिक मशीनें जिला अस्पताल को उपलब्ध कराई थीं।
उन्होंने यह भी बताया कि मोतियाबिंद आपरेशन का लक्ष्य पाने में बालको का सदैव सहयोग मिलता है।
बालको के मुख्य प्रचालन अधिकारी श्री बिभु प्रसाद मिश्रा ने कहा कि भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड एल्यूमिनियम बनाने के साथ ही सामाजिक कल्याण की दिशा में अनेक कार्यक्रम संचालित करता है।
बालको के मोतियाबिंद शिविरों तक मरीजों को लाने का कार्य बालको प्रबंधन द्वारा किया जाता है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष बालको द्वारा आयोजित मोतियाबिंद आपरेशन शिविर में लगभग 75 नागरिकों को आंखों की रौशनी वापस मिली थी। शिविर में आए प्रत्येक जरूरतमंद को हर संभव सुविधा मुहैया कराई जाती है।
बालको के सामुदायिक विकास विभाग प्रमुख श्री आर.के. खेर ने कहा कि मोतियाबिंद पीड़ितों को होने वाली असुविधा को महसूस करते हुए बालको प्रति वर्ष यह शिविर आयोजित करता है।
उन्होंने यह भी बताया कि सामुदायिक कल्याण की दिशा में बालको ने सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में अनेक योजनाएं क्रियान्वित की हैं।
वर्तमान में बालको प्रबंधन द्वारा अग्रसेन भवन में जयपुर फुट शिविर आयोजित किया गया है जिससे जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों के पांव से नि:शक्तजन लाभान्वित हो रहे हैं।
बालको के कंपनी संवाद प्रमुख श्री बी.के. श्रीवास्तव ने बताया कि बालको प्रबंधन सामुदायिक कल्याण की दिशा में अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है जिससे बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने बालको की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। श्री श्रीवास्तव ने श्री सिंहदेव एवं अन्य अतिथियों को यह आश्वासन दिया कि जिला अस्पताल में नेत्र आपरेशन के लेजर मशीन की उपलब्धता के लिए बालको प्रबंधन हरसंभव मदद करेगा।
श्री सिंहदेव, छत्तीसगढ़ बाल कल्याण समिति के आजीवन सदस्य श्री बालकृष्ण पाठक, डा. श्रीवास्तव, डा. वैश्य, श्री मिश्रा, बालको के उपाध्यक्ष श्री नारायण बालाकृष्णन, श्री खेर, और डा. संजय गोयल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की।
श्री सिंहदेव ने आWपरेशन थिएटर में फीता काटकार नेत्र शिविर का उद~घाटन किया। इस अवसर पर नाबार्ड के महाप्रबंधक श्री अर्जुन रत्नु, बालको खदान प्रमुख कर्नल (रिटायर्ड) श्री एम.एम. चमोला, सह प्रबंधक श्री अमित सिंह, सामुदायिक विकास विभाग के सह प्रबंधक श्री निशांत कुमार, अधिकारी श्री प्रमोद कुल्हड़, एम.एस.एस.व्ही.पी. की निदेशक श्रीमती मीरा शुक्ला और एम.एस.एस.व्ही.पी. मोतियाबिंद शिविर संचालन टीम के समस्त सदस्य मौजूद थे।
बालको के नेत्र शिविर में अब तक लगभग 110 मोतियाबिंद पीड़ित पंजीकृत किए गए हैं। डा. वैश्य और डा. गोयल द्वारा मोतियाबिंद पीड़ितों का आपरेशन किया जा रहा है।
शिविर के आयोजन में नेत्र सहायक अधिकारी श्री आर.के. घृतकर व एस.के. वर्मा, वरिष्ठ नर्सिंग सिस्टर श्रीमती मधु मुदलियार, ओ.टी. प्रभारी सुश्री एस. यादव, स्टाफ नर्स सुश्री निर्मला बेक, सुश्री उषा पैकरा और सुश्री संध्या रात्रे की सक्रिय भागीदारी है।
उल्लेखनीय है कि मरीजों को उनके घर से शिविर तक लाने और उन्हें वापस पहुंचाने की नि:शुल्क व्यवस्था बालको प्रबंधन की ओर से की गई है। मरीज और उसके साथ आए सहयोगियों के ठहरने और भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था भी बालको ने किया है।
कार्यक्रम का संचालन बालको के सामुदायिक विकास विभाग सह प्रबंधक श्री आशीष रंजन ने किया।
36गढ़ डाट इन