बस्तर जिले में यात्री सुविधाओं को नजरअंदाज करने वाले लोगों के विरूध्द कड़ी कार्यवाही आरंभ कर दी गयी है।
जगदलपुर,19 फरवरी(36गढ़ डाट इन) बस्तर संभाग के आयुक्त श्री मनोज कुमार पिंगुआ की विशेष पहल पर बस्तर जिले के कलेक्टर श्री मनोहर सिंह परस्ते के निर्देशन में जिले में यात्री सुविधाओं को नजरअंदाज करने वाले लोगों के विरूध्द कड़ी कार्यवाही आरंभ कर दी गयी है।
यात्री सुविधाओं की बेहतरी के लिए बस्तर जिले में एक व्यापक अभियान छेड़ दिया गया है। इस अभियान के अन्तर्गत 19 फरवरी 2010 को साढ़े 3 हजार से अधिक यात्री और अन्य गाड़ियों की भी गहन ''चेकिंग'' की गयी है।
''चेकिंग'' के दौरान जिला प्रशासन और अभियान से जुड़े अधिकारियों की संयुक्त टीम ने यात्री सुविधाओं को ध्यान नहीं रखने वाले यात्री वाहन संचालकों से लगभग 2 लाख रूपए से अधिक की ''पेनाल्टी'' राशि बतौर समझौते शुल्क के रूप में वसूल की है।
इस संयुक्त अभियान के दौरान जगदलपुर न्यू बस स्टेंड के सामने से और बस स्टेंड परिसर से अनेक बेजा कब्जाधारियों के अतिक्रमण को हटाये जाने की भी कार्यवाही की गयी है।
यातायात व्यवस्था को सुधारने और यात्री सुविधाओं की बहाली के लिए चलाये जा रहे इस अभियान के दौरान 19 फरवरी 2010 को जगदलपुर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और नाकों में अधिकारियों का संयुक्त दल पहुंचा।
इस अभियान के दौरान न्यू बस स्टेंड जगदलपुर, पल्लीनाका, केशलूर नाका, आड़ावाल नाका, गीदम रोड, बस्तर आई.टी.आई., भानपुरी, कोंडागांव और केशकाल के 2 निर्धारित ''प्वाईंट'' पर वाहनों की गहन जांच पड़ताल की गयी।
जिले भर में एक साथ शुरू किए गए इस अभियान के तहत 19 फरवरी 2010 को लगभग 3 हजार गाड़ियों की ''चेकिंग'' की गयी। इस गहन जांच पड़ताल के दौरान ऐसे यात्री वाहन जो ''परमिट'' संबंधी दस्तावेजों के अलावा गाड़ी का ''फिटनेस सर्टिफिकेट'' और उपलब्ध करायी जाने वाली अन्य यात्री सुविधाओं का ध्यान नहीं रख रहे थे, उन पर यह कार्यवाही की गयी।
बताया गया कि यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। अभियान के दौरान समझौता शुल्क के रूप में लगभग 2 लाख रूपए की ''पेनाल्टी'' राशि भी वसूल की गयी।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री नर्मदा प्रसाद और उनके अमले के द्वारा यात्री वाहन के चालकों और संचालकों से समझौता शुल्क के रूप में ''पेनाल्टी'' राशि वसूले जाने की कार्यवाही कलेक्टर के आदेशानुसार की गयी और यात्री वाहन के चालकों और संचालकों को चेतावनी दी गयी कि वे गाड़ियों के सभी कागजात दुरूस्त रखें।
इसके साथ ही साथ यात्री वाहन सुविधाओं की उपलब्धता जो उल्लेखित है, उसकी प्रतिपूर्ति करना भी सुनिश्चित करें। अपर कलेक्टर श्री नीलकंठ टीकाम ने बताया कि जगदलपुर में 19 फरवरी 2010 को पल्ली नाका, केशलूर नाका, आड़ावाल नाका, बस्तर आईटीआई, भानपुरी के अलावा केशकाल, कोंडागांव इलाकों में भी व्यापक अभियान चलाया गया।
जगदलपुर नगरनिगम क्षेत्र में न्यू बस स्टेंड में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गयी। श्री टीकाम ने बताया कि इस दौरान निगम क्षेत्र के इस न्यू बस स्टेंड से अतिक्रमण हटाये जाने की कार्यवाही की गयी।
ऐसे दुकान, होटल व्यावसायी और अन्य दुकानदार जो बस स्टेंड परिसर में अपने निर्धारित जगह से ज्यादा अतिक्रमण किए हुए थे । उस हिस्से का अतिक्रमण हटाया गया। अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा यह कार्यवाही करवायी गयी। इसके अन्तर्गत दुकान और होटल व्यवसायियों के अतिक्रमण हटाये गये।
वहीं बस स्टेंड के सम्पूर्ण परिसर की साफ-सफाई भी नगरनिगम अमले द्वारा कराये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की गयी है। नगरनिगम जगदलपुर क्षेत्र में लगभग 60 दुकानदारों के बकाया राशि भी वसूले जाने की भी कार्यवाही की गयी है।
36गढ़ डाट इन