Sat, 27 Feb 2010 18:25:00 +0000 जनता की खुशहाली में प्रशिक्षित जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य में शांतिपूर्ण विकास, जन-जीवन की सुरक्षा और आम जनता की खुशहाली के लिए हो रहे प्रयासों को सफल बनाने में सुरक्षा बलों के प्रशिक्षित जवानों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,27 फरवरी(36गढ़ डाट इन) मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य में शांतिपूर्ण विकास, जन-जीवन की सुरक्षा और आम जनता की खुशहाली के लिए हो रहे प्रयासों को सफल बनाने में सुरक्षा बलों के प्रशिक्षित जवानों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
डॉ. सिंह आज उत्तर बस्तर जिले के मुख्यालय कांकेर स्थित जंगलवार फेयर प्रशिक्षण कॉलेज में पुलिस के प्रशिक्षणार्थी जवानों को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस कॉलेज से प्रशिक्षण लेकर तैयार जवान एक अपराजित योध्दा बनकर सामने आता है। उल्लेखनीय है कि इस कॉलेज में अब तक नौ हजार से ज्यादा पुलिस जवानों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने आज अपने भ्रमण के दौरान कॉलेज की अधोसंरचनाओं सहित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का भी निरीक्षण किया।
वन मंत्री श्री विक्रम उसेंडी और पुलिस महानिदेशक श्री विश्वरंजन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ थे।
कॉलेज के निदेशक ब्रिगेडियर श्री पनावर ने मुख्यमंत्री को प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी और उनकी अनेक जिज्ञासाओं का समाधान किया।
डॉ. सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा स्थापित यह कॉलेज अपनी विशेष प्रशिक्षण शैली की वजह से देश और दुनिया में प्रशंसा और आकर्षण का केन्द्र बनता जा रहा है।
उन्होंने जवानों और अधिकारियों को ईद-ए-मिलाद और होली की बधाई और शुभकामनाएं दी और शुभेच्छा प्रकट करते हुए कहा कि निकट भविष्य में यह कॉलेज अंतर्राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण केन्द्र बनेगा, जहां प्रशिक्षण लेकर हमारे जवान एक नई ऊर्जा और नये व्यक्तित्व में ढलकर देश और समाज की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएंगे। देश को नक्सल हिंसा और आतंकवाद से मुक्ति दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि प्रदेश में शांति व्यवस्था के लिए राज्य पुलिस को और भी अधिक सुदृढ़ करना राज्य शासन का उद्देश्य है।
इसके लिए विगत पांच वर्षों में जहां लगभग 25 हजार जवानों की भर्ती की गयी है, वहीं राज्य शासन की पहल पर तेरहवें वित्त आयोग से भी पुलिस के संसाधन बढ़ाने के लिए 250 करोड़ रूपए की स्वीकृति मिली है।
मुख्यमंत्री ने काउंटर टेरेरिज्म जंगलवार फेयर प्रशिक्षण कॉलेज में सराहनीय प्रदर्शन के लिए अनेक प्रशिक्षणार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
डॉ. सिंह ने जवानों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनका कुशल क्षेम भी पूछा। डॉ. सिंह ने जब कुछ महिला प्रशिक्षणार्थियों से यह सवाल किया कि क्या उन्हें आतंकवादियों से डर लगता है ?
इस पर महिला पुलिस कर्मियों ने पूरी दृढ़ता से कहा कि वे अकेले ही दस-दस आतंकियों को खत्म कर सकती हैं। मुख्यमंत्री ने इन महिला पुलिस सिपाहियों के इस साहसिक उत्तर पर उन्हें शाबाशी और शुभकामनाएं दी।
36गढ़ डाट इन
|