Thu, 11 Mar 2010 23:07:00 +0000 निजी भूमि पर बांस लगाने किसानों को प्रोत्साहन राशि
राष्ट्रीय बांस मिशन के अन्तर्गत छत्तीसगढ़ के रायपुर वनमंडल में किसानों को बांस के पौधे नि:शुल्क दिए जाएंगे।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,11 मार्च(36गढ़ डाट इन) राष्ट्रीय बांस मिशन के अन्तर्गत छत्तीसगढ़ के रायपुर वनमंडल में किसानों को बांस के पौधे नि:शुल्क दिए जाएंगे।
इसके साथ-साथ इन पौधों को लगाने के लिए उन्हें प्रति पौधा छह रूपए की दर से प्रथम वर्ष में प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी। आगामी वर्षों में भी जीवित पौधों की संख्या के अनुसार उन्हें निर्धारित राशि नियमित रूप से दी जाएगी।
किसानों और ग्रामीणों की निजी भूमि पर बांस की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए यह योजना शुरू की जा रही है, ताकि प्रदेश के बांस शिल्पियों और बसोड़ों को पर्याप्त मात्रा में बांस की आपूर्ति की जा सके और किसानों को अतिरिक्त आमदनी का एक बेहतर जरिया भी प्राप्त मिल सके।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस उद्देश्य से वन विभाग को राष्ट्रीय बांस मिशन के तहत बांस की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं।
उनके निर्देशों के अनुरूप वनमंत्री श्री विक्रम उसेंडी के नेतृत्व में विभाग द्वारा एक विशेष कार्ययोजना तैयार की गयी है।
विभागीय अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इस कार्य योजना के तहत रायपुर वनमंडल के बलौदा बाजार, लवन, देवपुर, अर्जुनी, सोनाखान और बिलाईगढ़ वन-परिक्षेत्रों में किसानों की निजी जमीन पर बांस रोपण के लिए पच्चीस-पच्चीस हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
निजी बांस रोपण ऐसे क्षेत्रों में कराया जाएगा, जहां आस-पास के गांवों में बसोड़ों की आबादी हो और वहां के ग्रामीण्ा बांस आधारित कुटीर उद्योगों पर निर्भर हों।
इससे स्थानीय किसान बांस उत्पादन के जरिए जहां अतिरिक्त आमदनी हासिल करेंगे, वहीं उनके द्वारा परम्परागत बसोड़ों को पर्याप्त मात्रा में बांस की आपूर्ति भी की जा सकेगी।
वनमंडलाधिकारी, रायपुर वनमंडल ने इस योजना का लाभ उठाने के इच्छुक किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे इसके लिए अपने इलाके के वन परिक्षेत्र अधिकारी से सम्पर्क करें।
36गढ़ डाट इन
|