Fri, 12 Mar 2010 17:15:00 +0000 14 से वनौषधियों पर केन्द्रित राष्ट्रीय सम्मेलन
स्वास्थ्य की दृष्टि से उपयोगी जड़ी-बूटियों और औषधीय महत्व की वनस्पतियों के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर बाजार की संभावना तथा पेटेंटिंग के बारे में विचार-विमर्श के लिए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,12 मार्च(36गढ़ डाट इन) स्वास्थ्य की दृष्टि से उपयोगी जड़ी-बूटियों और औषधीय महत्व की वनस्पतियों के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर बाजार की संभावना तथा पेटेंटिंग के बारे में विचार-विमर्श के लिए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार के उपक्रम छत्तीसगढ़ राज्य औषधीय पादप बोर्ड और केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आयुष विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस चार दिवसीय सम्मेलन के साथ मेले और प्रदर्शनी के रूप में आरोग्य 2010 का कार्यक्रम रविवार 14 मार्च से बुधवार 17 मार्च तक यहां माना विमानतल मार्ग स्थित राम स्वरूप निरंजनलाल धर्मशाला में किया जाएगा।
प्रदेश के सभी आयुष चिकित्सक (आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, यूनानी आदि) चिकित्सा वैज्ञानिकों, परम्परागत वनौषधि चिकित्सकों, अनुसंधान संस्थाओं, किसानों, व्यापारियों, वनौषधि निर्माताओं और विषय वस्तु में दिलचस्पी लेने वाले सभी नागरिकों से इसमें शामिल होने की अपील की गयी है।
प्रदर्शनी प्रतिदिन सवेरे ग्यारह बजे से शाम आठ बजे तक चलेगी।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 14 तारीख को सवेरे 11 बजे आरोग्य 2010 का उद्धाटन करेंगे। वन मंत्री श्री विक्रम उसेण्डी की अध्यक्षता में आयोजित उद्धाटन समारोह में संसदीय सचिव श्री भरत साय विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
छत्तीसगढ़ सरकार के प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री आर.के.शर्मा प्रथम सत्र में सम्मेलन की विषय वस्तु पर मुख्य वक्तव्य देंगे। प्रथम दिवस पर औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण, विपणन और पेटेंटिंग विषय पर चर्चा होगी। दूसरे दिन पन्द्रह मार्च को भी इसी विषय पर विशेषज्ञों के बीच विचार विमर्श होगा।
दूसरे दिन का कार्यक्रम सवेरे ग्यारह बजे शुरू हो कर शाम पांच बजे तक चलेगा। इसके प्रथम सत्र में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आयुष विभाग नई दिल्ली की सचिव श्रीमती एस.जलजा, राज्य शासन के मुख्य सचिव श्री पी.जॉय उम्मेन और छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के प्रबंध संचालक श्री ए.के.सिंह और समापन सत्र में छत्तीसगढ़ राज्य योजना मंडल के उपाध्यक्ष डॉ. डी.एन. तिवारी और केन्द्रीय आयुष विभाग की सचिव श्रीमती एस.जलजा अपने विचार व्यक्त करेंगे।
आरोग्य 2010 के तीसरे दिन सोलह मार्च को परम्परागत वनौषधि चिकित्सकों का सम्मेलन होगा, जिसका शुभारंभ सवेरे ग्यारह बजे प्रदेश के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल करेंगे।
रायपुर ग्रामीण के विधायक श्री नंदकुमार साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में पुणे विश्वविद्यालय (महाराष्ट्र) के प्रोफेसर आर.के.मुतात्कर मुख्य वक्तव्य देंगे।
चौथे दिन 17 मार्च को औषधीय वनस्पतियों की खेती करने वाले किसानों का सम्मेलन होगा। प्रदेश के कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू सवेरे ग्यारह बजे इसका शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम रायपुर की महापौर श्रीमती किरणमयी नायक करेंगी। इसमें डॉ. राजाराम त्रिपाठी विशेष वक्तव्य देंगे। आरोग्य 2010 का समापन कार्यक्रम शाम पांच बजे शुरू होगा।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री शेखर दत्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल और वन मंत्री श्री विक्रम उसेण्डी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
36गढ़ डाट इन
|