Fri, 19 Mar 2010 00:00:00 +0000 राज्य में अंतर्राष्ट्रीय मापदण्डों के अनुरूप होंगी खेल सुविधाएं
छत्तीसगढ़ में देश के 37 वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी शुरू हो गयी है। भारतीय ओलंपिक संघ से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए सहमति पत्र प्राप्त हो गया है।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,18 मार्च(36गढ़ डाट इन) छत्तीसगढ़ में देश के 37 वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी शुरू हो गयी है। भारतीय ओलंपिक संघ से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए सहमति पत्र प्राप्त हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां विधानसभा परिसर स्थित समिति कक्ष में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन एवं तैयारियाें की प्रारंभिक एवं महत्वपूर्ण बैठक ली।
मुख्यमंत्री ने राज्य में पहली बार वर्ष 2012-13 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के भव्य, व्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए व्यापक प्रबंध करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन के लिए ऐसी तैयारी करें, जिससे आने वाले कम से कम बीस साल के लिए राज्य को अंतर्राष्ट्रीय मापदण्डों के अनुरूप विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने राष्ट्रीय खेलों की दृष्टि से अभी से उन सभी खेलों के विकास और उत्थान में पूरा ध्यान केन्द्रित करने पर विशेष रूप से जोर दिया, जिनकी बेहतर संभावनाएं राज्य में मौजूद हैं। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सुश्री लता उसेण्डी, पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्री राजेश मूणत, मुख्य सचिव श्री पी.जॉय उम्मेन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री एन.बैजेन्द्र कुमार, वित्त एवं योजना विभाग के प्रमुख सचिव श्री अजय सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अमन कुमार सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री सुब्रत साहू और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री जी.पी.सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप महत्वपूर्ण चरणों का समयबध्द कार्यक्रम बना कर अभी से तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
खेलों का यह राष्ट्रीय महाकुंभ राज्य में नवम्बर 2012-13 में होना संभावित है। इस खेल आयोजन में देश भर से लगभग आठ हजार खिलाड़ियों और राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न खेल संगठनों के आने की संभावना है।
बैठक में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में उपलब्ध खेल अधोसंरचनाओं जैसे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवनिर्मित स्टेडियम, अन्य खेल अधोसंरचनाओं के साथ-साथ भिलाई, दुर्ग और राजनांदगांव में उपलब्ध खेल सुविधाओं पर चर्चा की गयी।
दिशा-निर्देशों के अनुरूप खेलों का आयोजन उन स्थानों में कराया जाना संभावित है, जहां मुख्य आयोजन स्थल से एक घंटे की समयावधि में पहुंचा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने रायपुर में नव-निर्मित खेल स्टेडियमों को अधिक से अधिक सुविधायुक्त बनाने तथा अंतर्राष्ट्रीय मापदण्डों के अनुरूप इसके उत्थान की कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में इस खेल आयोजन के लिए नया रायपुर में 'खेल गांव' के लिए दो सौ एकड़ की जगह भी आरक्षित करने की सैध्दांतिक सहमति दी गयी।
बैठक में रायपुर के साइंस कॉलेज, बूढ़ातालाब, डिग्री गर्ल्स कॉलेज के साथ-साथ अन्य खेल अधोसंरचनाओं के उपयोग करने भी विचार करने पर बल दिया। राज्य में स्तरीय स्वीमिंग पुल की अनुपलब्धता पर मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ऐसे स्वीमिंग पुल बनाने के निर्देश दिए, जो आठ लेन के साथ-साथ पूरी तरह सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण हों।
मुख्यमंत्री ने भारतीय ओलंपिक संघ के साथ समन्वय बना कर राज्य में राष्ट्रीय खेलों के सुव्यवस्थित, आयोजन के लिए समग्र एवं व्यवस्थित प्रोजेक्ट बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य शासन द्वारा खेल आयोजन हेतु पैसे या बजट की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने योजना आयोग तथा केन्द्रीय संस्थानों से भी अधिक से अधिक मात्रा में बजट राशि उपलब्ध हो सके, इसके लिए भी प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन से छत्तीसगढ़ राज्य के बड़े औद्योगिक संस्थानों जैसे भिलाई इस्पात संयंत्र, एस.ई.सी.एल. आदि को भी जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेल का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य के लिए प्रतिष्ठा की बात है। उन्होंने ऐसे प्रयास करने पर जोर दिया, जिससे इस खेल आयोजन के माध्यम से पूरे देश में छत्तीसगढ़ को एक नई पहचान मिले और इस आयोजन से छत्तीसगढ़ की समृध्द संस्कृति और विकास देश भर में परिलक्षित हो।
उन्होंने कहा कि मेजबान खेल राज्य होने के नाते छत्तीसगढ़ राज्य के नागरिकों की भी आशा रहेगी कि यहां के खिलाड़ी अधिक से अधिक मेडल जीत कर विजेता बनें।
इसके लिए उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के अधिक संभावनाओं वाले तथा क्षमता वाले खेल विधाओं के विकास करने तथा खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए पूरी ताकत लगाने पर जोर दिया।
उन्होंने इन क्षेत्र के खिलाड़ियों के समुचित प्रशिक्षण पर भी जोर दिया। बैठक में राष्ट्रीय खेलों के शुभंकर एवं प्रतीक चिन्ह तय करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिस्पर्धा के माध्यम से सुझाव भी आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए खिलाड़ियों तथा प्रतिनिधि मंडलों के रूकने, ठहरने, आने-जाने तथा अन्य सुविधाओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन तक जहां नया रायपुर में रूकने की काफी व्यवस्था हो जाएगी, वहीं रायपुर एवं नया रायपुर दोनों में परिवहन हेतु बस की भी काफी अच्छी व्यवस्था हो जाएगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय खेलों के लिए आयोजन समिति के सचिवालय की स्थापना, गवर्निंग काउन्सिल और एक्जिक्यूटिव बॉडी गठन करने पर भी विचार किया गया।
इस आयोजन के पहले गोवा तथा केरल में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में होने वाले आयोजनों के लिए दूसरे राज्यों के अनुभवों का भी लाभ उठाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
36गढ़ डाट इन
|