Fri, 19 Mar 2010 00:02:00 +0000 ओव्हर लोडिंग और अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
छत्तीसगढ़ में परिवहन विभाग ने पिछले माह फरवरी में 29 करोड़ 40 लाख रूपए का राजस्व हासिल किया है।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,18 मार्च(36गढ़ डाट इन) छत्तीसगढ़ में परिवहन विभाग ने पिछले माह फरवरी में 29 करोड़ 40 लाख रूपए का राजस्व हासिल किया है।
इसे मिलाकर चालू वित्तीय वर्ष 2009-10 के दौरान विभाग द्वारा विगत अप्रैल 2009 से अब तक 314 करोड़ 77 लाख रूपए का राजस्व अर्जित किया जा चुका है।
यह राजस्व वर्तमान वित्तीय वर्ष के ग्यारह महीनों में प्राप्त हुआ है, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2008-09 की इसी अवधि के मुकाबले 32 करोड़ 48 लाख रूपए अधिक है।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2008-09 में इस अवधि में 282 करोड़ 29 लाख रूपए का परिवहन राजस्व प्रदेश सरकार को प्राप्त हुआ था। यह जानकारी आज यहां विभाग के प्रमुख सचिव और परिवहन आयुक्त श्री एन.के.असवाल की अध्यक्षता में आयोजित राज्य के सभी परिवहन अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक में दी गयी।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को राज्य में जन-जीवन की सुरक्षा की दृष्टि से यात्री वाहनों और माल ढुलाई करने वाले वाहनों में ओव्हर लोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्री असवाल ने बैठक में परिवहन कार्यालयों की राजस्व वसूली की प्रगति की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए बकाया राजस्व वसूली में और भी अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से कहा कि सभी जिलों में विभाग द्वारा जारी विभिन्न परमिटों के अनुसार संचालित यात्री बसों, जीप-टैक्सी, मैक्सी-केब, टैक्सी-केब, मिनीडोर और टाटा मेजिक आदि मोटर गाड़ियों की गंभीरता से चेकिंग की जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को यात्री गाड़ियों और ट्रकों में ओव्हर लोडिंग के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। श्री असवाल ने बैठक में निजी वाहन मालिकों पर बकाया राजस्व की वसूली सहित आडिट कंडिकाओं के निराकरण, परिवहन कार्यालयों के कम्प्यूटरीकरण और लंबित शिकायतों के निराकरण की ताजा स्थिति की समीक्षा की गयी।
श्री असवाल ने अधिकारियों से ओव्हर लोडिंग और अवैध गाड़ियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का भी ब्यौरा लिया। बैठक में अतिरिक्त परिवहन आयुक्त श्री संजय पिल्ले सहित विभाग के अन्य अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
36गढ़ डाट इन
|