Wed, 24 Mar 2010 23:33:00 +0000 दत्तक पुत्री योजना में बस्तर जिला पहले नम्बर पर
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने महिला और बाल विकास विभाग की दत्तक पुत्री योजना में प्रथम आने पर बस्तर (जगदलपुर) जिले के प्रशासन और वहां की जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,24 मार्च(36गढ़ डाट इन) मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने महिला और बाल विकास विभाग की दत्तक पुत्री योजना में प्रथम आने पर बस्तर (जगदलपुर) जिले के प्रशासन और वहां की जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत गरीब परिवारों की बालिकाओं की पढ़ाई के लिए उन्हें समाज के सेवाभावी नागरिकों से आर्थिक सहायता दिलायी जाती है। ये नागरिक इन बालिकाओं को गोद लेकर कम से कम एक वर्ष तक उनकी पढ़ाई-लिखाई के खर्च का जिम्मा लेते हैं।
बस्तर जिले को इस योजना के तहत 16 हजार 850 बालिकाओं का लक्ष्य मिला था, जबकि इस लक्ष्य के विरूध्द 26 हजार 780 बालिकाओं को नागरिकों द्वारा गोद लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी एक बालिका के शिक्षित होने पर पूरा परिवार शिक्षित हो सकता है और यदि परिवार शिक्षित हुआ तो समाज, देश और राज्य को भी शत-प्रतिशत शिक्षित और साक्षर होने में देर नहीं लगेगी।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बस्तर जिले में दत्तक पुत्री योजना को मिली सफलता सचमुच उत्साहजनक है। उन्होंने इस योजना के तहत बालिकाओं को गोद लेने वाले नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
महिला और बाल विकास मंत्री सुश्री लता उसेण्डी ने भी इस योजना में सहभागी बने नागरिकों को धन्यवाद देते हुए योजना की सफलता पर जिला प्रशासन और विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।
36गढ़ डाट इन
|