Thu, 25 Mar 2010 23:42:00 +0000 रबी फसलों के बीज उत्पादित करने का सबसे बड़ा कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ में चालू रबी मौसम में राज्य निर्माण के बाद सर्वाधिक रकबे में बीज उत्पादन के लिए फसलें लगाई गयी हैं।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,25 मार्च(36गढ़ डाट इन) छत्तीसगढ़ में चालू रबी मौसम में राज्य निर्माण के बाद सर्वाधिक रकबे में बीज उत्पादन के लिए फसलें लगाई गयी हैं। चालू रबी मौसम में आठ हजार 892 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में विभिन्न फसलों के बीजों का उत्पादन कार्यक्रम लिया जा रहा है।
इसमें से आठ हजार 317 हेक्टेयर रकबे में सीधे किसानों के खेतों पर ही उन्नत किस्म के बीज प्राप्त करने के लिए बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत फसलें लगाई गई हैं, जबकि शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों, बीज विकास निगम के प्रक्षेत्रों और इंदिरागांधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रों में भी चार सौ हेक्टेयर से अधिक रकबे में बीज उत्पादन कार्यक्रम लिया जा रहा है।
इस वर्ष रबी मौसम में बीज उत्पादन का रकबा पिछले वर्ष की तुलना में दो हजार हेक्टेयर बढ़ा है। पिछले पांच वर्षों में राज्य में रबी मौसम में बीज उत्पादन का रकबा एक हजार 419 हेक्टेयर से बढ़कर आठ हजार 892 हेक्टेयर हो गया है।
गत वर्ष रबी मौसम में सात हजार 981 हेक्टेयर रकबे में बीज उत्पादन कार्यक्रम लिया गया था।
किसानों को उन्नत किस्म के पूर्णत: शुध्द बीज उपलब्ध कराने के लिए पूरे राज्य में चालू रबी मौसम में सरसों, अलसी, तोरिया, मटर, गेंहू, चना सहित तिवड़ा और मूंग फसल का बीजोत्पादन किया जा रहा है।
राज्य सरकार द्वारा इस प्रकार उत्पादित बीज को किसानों के खलिहानों से ही बाजार मूल्य से अधिक दामों में खरीदकर बीजों के रूप में पुन: कृषकों को उपलब्ध कराया जाता हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि राज्य निर्माण के बाद राज्य सरकार ने वर्ष 2002-03 में रबी मौसम में 967 हेक्टेयर रकबे में रबी फसलों का बीज उत्पादन कार्यक्रम किया था।
वर्ष 2006-07 के रबी मौसम में रबी फसलों के बीज उत्पादन कार्यक्रम का यह रकबा एक हजार 917 हेक्टेयर हो गया था, जिससे नौ हजार 265 क्विंटल बीज उत्पादित हुए थे।
छत्तीसगढ़ में बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा पहली बार वर्ष 2007-08 में साढ़े चार हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में रबी फसलों का बीज उत्पादन कार्यक्रम लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
इस अवधि में चार हजार 659 हेक्टेयर से अधिक रकबे में बीज उत्पादन के लिए रबी की फसलें लगाई गयी और 27 हजार 535 क्विंटल उन्नत किस्म के बीज उत्पादित किए गए।
वर्ष 2008-09 के रबी मौसम में यह रकबा बढ़कर छह हजार 136 हेक्टेयर और बीज उत्पादन 44 हजार 868 हो गया। 36गढ़ डाट इन
|