Thu, 25 Mar 2010 23:43:00 +0000 वायु सेना में पायलट बनने 26 को स्क्रीनिंग टेस्ट
छत्तीसगढ़ राज्य के पुरूष एवं महिला इंजीनियर एवं स्नातक युवा भारतीय वायु सेना में शामिल हो कर पायलट बनने के लिए कल 26 मार्च को रायपुर के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, पुरानी धमतरी रोड सेजबहार में आयोजित फास्ट ट्रेक सलेक्शन (एफ.टी.एस.) में आवेदन देकर चयन प्रक्रिया के पहले चरण में शामिल हो सकते हैं।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,25 मार्च(36गढ़ डाट इन) छत्तीसगढ़ राज्य के पुरूष एवं महिला इंजीनियर एवं स्नातक युवा भारतीय वायु सेना में शामिल हो कर पायलट बनने के लिए कल 26 मार्च को रायपुर के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, पुरानी धमतरी रोड सेजबहार में आयोजित फास्ट ट्रेक सलेक्शन (एफ.टी.एस.) में आवेदन देकर चयन प्रक्रिया के पहले चरण में शामिल हो सकते हैं।
आवेदनों के पंजीयन का कार्य सुबह आठ बजे से 11 बजे के मध्य होगा। आवेदन का प्रारूप भारतीय वायु सेना के वेबसाईट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट केरियरएयरफोर्स डॉट एनआईसी डॉट इन से प्राप्त किया जा सकता है।
तीसरे छत्तीसगढ़ एयर स्क्वेड्रन एन.सी.सी. ऑफिस, रायपुर के विंग कमांडर से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 मार्च शुक्रवार को शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, रायपुर सेजबहार में पंजीकृत उम्मीदवारों का स्क्रिनिंग टेस्ट लिया जाएगा, जिसमें सामान्य ज्ञान व अंग्रेजी में बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल होंगे।
इस टेस्ट का परिणाम इसी दिन घोषित करने का प्रयास किया जाएगा। स्क्रिनिंग टेस्ट पास करने वाले उम्मीदवारों का पिकर परसेप्शन टेस्ट व डिस्कशन टेस्ट (फेस-1) इसी दिन या अगले दिन लिया जाएगा। इस तरह रायपुर में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में फेस-1 पास करने वाले उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी तथा उन्हें देहरादून, मैसूर या वाराणसी में स्थित किसी एक एयर फोर्स सलेक्शन बोर्ड (ए.एफ.एस.बी.) में आगे के टेस्ट के लिए कॉल लेटर जारी किए जाएंगे। यहां उम्मीदवारों का पायलट एफटीटयूट टेस्ट (पी.ए.बी.टी.) किया जाएगा। इसमें उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को फेस-2 टेस्टिंग से गुजरना होगा।
भारतीय वायु सेना में पायलट बनने के लिए इस चयन प्रक्रिया में राज्य के सभी 18 जिलों के अविवाहित पुरूष एवं महिला युवा आवेदन कर सम्मिलित हो सकते हैं।
इसके लिए उन्हें किसी भी विषय में स्नातक (तीन साल का कोर्स) या बी.टेक/बी.ई. स्नातक (चार वर्ष का कोर्स) सहित सभी विषयों में न्यूनतम साठ प्रतिशत एग्रीगेट अंक प्राप्त किया जाना अनिवार्य है।
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के लिए यह भी जरूरी है कि उन्होंने नियमित स्कूल में गणित व भौतिक शास्त्र में 10+2 की परीक्षा उत्तीर्ण की हो।
स्नातक परीक्षा के अंतिम वर्ष/सेमेस्टर में सम्मिलित हो रहे युवा भी कुछ शर्तों के अधीन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों की आयु एक जुलाई 2010 को 19 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए अर्थात उसका जन्म दो जुलाई 1987 से एक जुलाई 1991 के बीच होनी चाहिए।
उम्मीदवारों को निम्न लिखित दस्तावेजों सहित आवेदन करने तथा रिपोर्ट करने को कहा गया है। 1. प्री-फिल्ड एफ.टी.एस. प्रोफार्मा (ए-4 कागज पर) दो प्रतियों सहित। 2. सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा का मूल प्रमाण पत्र (जन्मतिथि के प्रमाण हेतु)।
3. सीनियर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा की मार्कशीट एवं प्रमाण पत्र। 4. बी.ई./बी.टेक व स्नातक के मूल प्रमाण पत्र तथा मार्कशीट (सभी सेमेस्टर/वर्ष)।
5. पहचान का प्रमाण पत्र जैसे पासपोर्ट, ड्रायविंग लायसेंस, वोटर पहचान पत्र, कॉलेज पहचान पत्र या अन्य कोई वैध फोटो पहचान पत्र। 6. हाल ही में लिए गए पासपोर्ट आकार के दो रंगीन फोटो।
7. अंतिम वर्ष/सेमेस्टर के आवेदन करने वाले छात्र कॉलेज के प्राधानाचार्य से निम्नलिखित पहलुओं को उल्लेख करते हुए संस्थान की उपयुक्त मोहर एवं सील सहित प्रमाण पत्र लाए :- कालेज का नाम, विश्वविद्यालय जिससे सम्बध्द हैं, ग्रेजुएशन का क्षेत्र, अंतिम परिणाम घोषित होने की संभावित तिथि/माह/वर्ष प्रारूप। 8. डी.जी.सी.ए. (भारत) द्वारा जारी मूल वैद् कामर्शियल पायलट लायसेंस (लागू हो तो)।
36गढ़ डाट इन
|