Sat, 27 Mar 2010 18:12:00 +0000 नन्ही फुटबाल खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया
राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल जगत में अपने खेल कौशल की चमक बिखेरने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों में राजधानी रायपुर की दो नन्ही फुटबाल खिलाड़ी भी शामिल हो गयी हैं।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,27 मार्च(36गढ़ डाट इन) राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल जगत में अपने खेल कौशल की चमक बिखेरने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों में राजधानी रायपुर की दो नन्ही फुटबाल खिलाड़ी भी शामिल हो गयी हैं।
होली क्रॉस कांपा विद्यालय की छात्रा कुमारी निकिता स्विस पन्ना और एम.जी.एम. शंकर नगर स्कूल की छात्रा कुमारी सुप्रिया कुकरेती ने अपनी प्रतिभा के बल पर चौदह आयु वर्ग की भारतीय बालिका फुटबाल टीम में स्थान बनाया और इस माह की 12 से 18 तारीख तक श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय फुटबाल चैम्पियनशिप में भारतीय टीम से खेलते हुए स्वर्ण पदक जीतने का गौरव प्राप्त किया।
इन फुटबाल खिलाड़ियों ने शुक्रवार यहां मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात करके उन्हें अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने सुप्रिया और निकिता को उनकी स्वर्णिम उपलब्धियों के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपनी उपलब्धियों से इन नन्ही खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
फीफा द्वारा आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भारत सहित जार्डन, इरान, श्रीलंका और म्यांमार की टीमों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. अनिल वर्मा, छत्तीसगढ़ फुटबाल संघ के कोषाध्यक्ष श्री दिवाकर थिटे, रायपुर जिला फुटबाल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष श्री शैलेष जैन, कोषाध्यक्ष डॉ. विमल साहू, सह-सचिव श्री मुश्ताक अली प्रधान, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अर्शउल्ला खान और श्रीमती शोभा कुकरेती शामिल थे।
36गढ़ डाट इन
|