Tue, 30 Mar 2010 20:15:00 +0000 तेंदूपत्ता संग्रहण: मुख्य सचिव ने दिए दिशा-निर्देश
तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य के सुचारू संचालन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्य सचिव श्री पी.जॉय.उम्मेन ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों और वनमंडलाधिकारियों को पत्र भेजकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,30 मार्च(36गढ़ डाट इन) तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य के सुचारू संचालन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्य सचिव श्री पी.जॉय.उम्मेन ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों और वनमंडलाधिकारियों को पत्र भेजकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
श्री उम्मेन ने इन अधिकारियों से कहा है कि लगभग एक माह तक चलने वाले संग्रहण कार्य के दौरान फड़ों (संग्रहण केन्द्रों) और गोदामों का नियमित रूप से और बारीकी से निरीक्षण किया जाए।
मुख्य सचिव ने इस पत्र की प्रतिलिपि राज्य शासन के सभी जिलों के प्रभारी सचिवों (प्रमुख सचिवों और सचिवों) को भी अपने-अपने प्रभार जिलों में संग्रहण कार्य के निरीक्षण करने और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
श्री उम्मेन ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजकर कहा है कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस को तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य के समय पर्याप्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जाएं।
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों और वनमंडलाधिकारियों को सम्बोधित पत्र में कहा है कि तेन्दूपत्ता संग्रहण एक महत्वपूर्ण कार्य है।
इस वर्ष लगभग तेरह लाख 21 हजार छह सौ गरीब परिवारों को अनुमानित सोलह लाख 39 लाख मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहण से लगभग 106 करोड़ 55 लाख रूपए का पारिश्रमिक मिलने की उम्मीद की जा रही है।
इसके अलावा संग्राहकों को लगभग 150 करोड़ रूपए का प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) भी मिलेगा। इन संग्राहकों में अधिकांश गरीबी रेखा श्रेणी के आदिवासी हैं।
मुख्य सचिव ने पत्र में आगे लिखा है कि इस वर्ष तेन्दूपत्ते का अग्रिम विक्रय बहुत अच्छी दरों पर हुआ है। तेन्दूपत्ते का औसत विक्रय मूल्य दो हजार 182 रूपए प्रति मानक बोरा है।
अनुमानित उत्पादन के आधार पर राज्य के तेन्दूपत्ते का मूल्य लगभग 358 करोड़ रूपए होगा। इस राशि पर 25 प्रतिशत की दर से वाणिज्यिक-कर और तीन प्रतिशत की दर से वन विकास उपकर पृथक से प्राप्त होगा।
प्रत्येक जिले में तेंदूपत्ता टूटने की अलग-अलग अवधि लगभग तीस दिनों की होती है। अत: इस अवधि को निर्धारित कर संग्रहण्ा कार्य कराने वाले विभागों और संस्थाओं को सूचित कर दें।
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की डयूटी इस महीने के अंतिम सप्ताह तक लगा देने के निर्देश दिए हैं।
श्री उम्मेन ने यह भी कहा है कि इस कार्य को सिर्फ छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ अथवा वन विभाग का कार्य न मानकर राज्य स्तरीय कार्यक्रम के रूप में सम्पन्न किया जाए।
36गढ़ डाट इन
|