Wed, 02 Jun 2010 23:53:00 +0000 पर्यटन मंडल के अध्यक्ष राय ने कार्यभार ग्रहण किया
पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में आज यहां छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के नव-नियुक्त अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय ने कार्यभार सम्हाला।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,2 जून (36गढ़ डाट इन) पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में आज यहां छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के नव-नियुक्त अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय ने कार्यभार सम्हाला।
इस अवसर पर आयोजित नये अध्यक्ष श्री राय के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ पर्यटन की संभावनाओं से भरपूर राज्य है।
यहां पुरातात्विक, ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व के अनेक ऐसे पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जो पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।
छत्तीसगढ़ के जंगल इको टूरिजम के लिए पूरे देश में आदर्श है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, पूर्व सांसद श्री विष्णुदेव साय, संसदीय सचिव श्री भरत साय, विधायक श्री रामशरण भगत सहित जशपुर और रायगढ़ क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद यहां के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं के विकास तथा इन स्थलों को आकर्षक बनाने की दिशा में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।
आने वाले समय में देश-दुनिया के पर्यटन नक्शे में छत्तीसगढ़ भी स्थापित होगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि आज लोगों में पर्यटन के प्रति भी जागरूकता आ रही है।
लोग अपनी सुविधानुसार पर्यटन स्थलों में घूमने जाते हैं। पर्यटन की नई संस्कृति विकसित होने के कारण इस क्षेत्र में भी रोजगार की संभावनाएं तेजी से बढ़ती जा रही है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सौ से अधिक प्रमुख पर्यटन स्थलों को चिन्हित कर उनके विकास की कार्य योजना बनाई गयी है। पिछले छह साल में लगभग एक सौ पचास करोड़ रूपए के विकास कार्य कराए गए हैं। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के नए अध्यक्ष श्री राय ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मंडल के अध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर मुझ पर जो विश्वास किया है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी कोशिश करूंगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिले में पर्यटन के अनेक आकर्षक स्थल है। इन स्थलों का सुनियोजित विकास कर छत्तीसगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में भी अग्रणी राज्य बनाने की चुनौती हमारे सामने हैं।
श्री राय ने कहा कि पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल को पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने वर्ष 1989-90 में भी तत्कालिन मध्यप्रदेश में पर्यटन मंत्री के रूप में कार्य किया है।
श्री अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री विष्णुदेव साय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अधिकारी-कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
36गढ़ डाट इन
|