Thu, 08 Jul 2010 23:14:00 +0000 पीले रंग के वाहनों से राशन परिवहन जरूरी
राज्य सरकार के ध्यान में यह बात आई है कि अभी भी कुछ स्थानों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रदाय केन्द्रों से राशन सामग्रियों का उठाव पीले रंग के वाहनों से नहीं कराया जा रहा है।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,8 जुलाई(36गढ़ डाट इन) राज्य सरकार के ध्यान में यह बात आई है कि अभी भी कुछ स्थानों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रदाय केन्द्रों से राशन सामग्रियों का उठाव पीले रंग के वाहनों से नहीं कराया जा रहा है।
प्रदेश सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है और नाराजगी जतायी है तथा अनिवार्य रूप से पीले वाहनों से परिवहन कराये जाने के लिए जिला कलेक्टरों और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक को निर्देश दिए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रमुख सचिव श्री ढांड ने इस सिलसिले में सभी जिला कलेक्टरों को परिपत्र जारी किया है। यह परिपत्र छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक को भी दिया गया है।
परिपत्र मंे कहा गया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की आवश्यक वस्तुआं के परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को सामान्य वाहनों से अलग स्वरूप प्रदान करने से राज्य शासन के निगरानी अमले के साथ-साथ आम लोगों के माध्यम से भी प्रभावी निगरानी की जा सकती है।
इससे राशन सामग्री के व्यपवर्तन पर भी नियंत्रण हो सकेगा। अतः पीले रंग से पेंट किए गए वाहनों से ही राशन सामग्री का परिवहन सुनिश्चित किया जाए।
वाहन के दोनों ओर बड़े अक्षरों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का खाद्यान्न, शक्कर, नमक उल्लेखित किया जाए। वाहन के सामने और पीछे काले अक्षरों ‘राज्य शासन की सार्वजनिक वितरण प्रणाली हेतु प्रयुक्त वाहन’ लिखा जाए।
काल सेन्टर का नम्बर एवं जिले के कलेक्टर तथा खाद्य नियंत्रक/खाद्य अधिकारी का दूरभाष नम्बर एवं मोबाईल नम्बर काले अक्षरों में अंकित कराया जाए। निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। निर्देशों के क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य आपूर्ति निगम के महाप्रबंधक (परिवहन) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
36गढ़ डाट इन
|