Sun, 11 Jul 2010 00:13:00 +0000 छत्तीसगढ़ की वितरण प्रणाली अपनाने की मंशा जतायी महाराष्ट्र ने
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज सवेरे यहां उनके निवास प्रांगण में महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों के एक अध्ययन दल ने मुलाकात की।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,10 जुलाई(36गढ़ डाट इन) मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज सवेरे यहां उनके निवास प्रांगण में महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों के एक अध्ययन दल ने मुलाकात की।
ये अधिकारी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री अशोक चव्हाण के निर्देश पर छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अध्ययन के लिए इस महीने की सात तारीख से आज दस जुलाई तक राज्य के दौरे पर थे।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र के खाद्य मंत्री भी यहां आकर छत्तीसगढ़ की राशन वितरण व्यवस्था का अध्ययन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा आज अपने निवास प्रांगण में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की पांच गाड़ियों के लोकार्पण के मौके पर महाराष्ट्र सरकार के ये अधिकारी भी उपस्थित थे।
नांदेड जिले के जिला आपूर्ति अधिकारी डॉ. निशिकांत देशपाण्डे और वहां के किनवट के अनुविभागीय दण्डाधिकारी श्री विवेक घोड़के सहित कुछ तहसीलदार भी इस अध्ययन यात्रा पर यहां आए थे। उन्होंने यहां आपूर्ति निगम के मुख्यालय सहित स्थानीय लाखेनगर की उचित मूल्य दुकान का भी दौरा किया।
इन अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता के लिए अपनायी गयी नि:शुल्क कॉल सेंटर और वेबसाईट पर लाखों राशन कार्ड धारकों तथा दस हजार से अधिक राशन दुकानों का दिन-प्रतिदिन का ब्यौरा प्रदर्शित किए जाने और नागरिकों को एस.एम.एस. के जरिए मोबाईल फोन पर भी राशन सामग्री के आवंटन की सूचना देने की व्यवस्था निश्चित रूप से काफी सराहनीय है।
इसके अलावा यहां गरीबों को एक रूपए और दो रूपए किलो रूपए में चावल तथा नि:शुल्क नमक दिया जा रहा है। महाराष्ट्र के अधिकारियों ने बताया कि वहां के मुख्यमंत्री श्री चव्हाण वैसे तो पूरे राज्य में छत्तीसगढ़ की इस योजना को लागू करने का इरादा रखते हैं लेकिन वे इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सबसे पहले अपने गृह जिले नांदेड में लागू करना चाहते हैं।
इसी उद्देश्य से उन्होंने हमें इस प्रणाली के अध्ययन के लिए छत्तीसगढ़ भेजा है। इन अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रत्येक राशन दुकान के दरवाजे तक राशन सामग्री पहुंचाने का कार्य राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा किया जा रहा है ।
36गढ़ डाट इन
|