Sun, 11 Jul 2010 00:15:00 +0000 जनसंख्या दिवस पर प्रदेश में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई से छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों के नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों में दो दिवसीय स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,10 जुलाई(36गढ़ डाट इन) विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई से छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों के नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों में दो दिवसीय स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल 11 जुलाई को बिलासपुर जिले के कोटा में आयोजित स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ करेंगे। अन्य स्वास्थ्य मेलों का शुभारंभ भी प्रभारी मंत्रियों अथवा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए गए हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत 11 जुलाई से 17 जुलाई तक चिन्हत 75 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और प्रथम संदर्भन इकाईयों में भी स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा इन मेलों में एक सप्ताह के भीतर दस हजार नसबंदी आपरेशन और अस्थाई परिवार नियोजन के तहत ग्यारह हजार का पर टी लगाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि भारत में प्रजनन का राष्ट्रीय औसत दर 2.1 है, जबकि छत्तीसगढ़ में यह दर 3 के आसपास है। इसे राष्ट्रीय औसत के बराबर लाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी के तहत 11 एवं 12 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों के पास आयोजित स्वास्थ्य मेले में दम्पतियों को छोटे परिवार का महत्व बताया जाएगा।
यहां इन दम्पतियों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी देने के साथ परिवार नियोजन के संबंध में उनकी काऊसिलिंग भी की जाएगी। लोगों को छोटे परिवार का महत्व बताने और परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी देने के लिए सभी स्वास्थ्य मेलों में प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है।
इसके साथ ही जिला मुख्यालयों में प्रचार-रथ भी तैयार किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 11 से 17 जुलाई तक प्रदेश के चिन्हित 75 स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है।
36गढ़ डाट इन
|