Sun, 11 Jul 2010 00:16:00 +0000 मत्स्य उत्सव में आकर्षण का केन्द्र छत्तीसगढ़ का मंडप
राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, हैदराबाद द्वारा इस महीने की नौ तारिख से चार दिवसीय भारतीय मत्स्य उत्सव का आयोजन आंध्रप्रदेश की राजधानी हैदराबाद में किया जा रहा है।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,10 जुलाई(36गढ़ डाट इन) राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, हैदराबाद द्वारा इस महीने की नौ तारिख से चार दिवसीय भारतीय मत्स्य उत्सव का आयोजन आंध्रप्रदेश की राजधानी हैदराबाद में किया जा रहा है।
12 जुलाई तक चलने वाले इस उत्सव में छत्तीसगढ़ शासन की ओर से राज्य में मछलीपालन की गतिविधियों, योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित स्टॉल आगंतुकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।
इस उत्सव का शुभारंभ केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री प्रोफेसर के.व्ही.थामस और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री के.रोसैय्या ने नौ जुलाई को किया।
छत्तीसगढ़ की ओर से इस उत्सव में मछलीपालन विभाग के अधिकारियों सहित प्रदेश के प्रगतिशील और मत्स्य श्री पुरस्कार प्राप्त किसान श्री सुखदेव मंडल तथा दुधावा जलाशय में मछली उत्पादन करने वाले किसान श्री इमरान खान भी शामिल हुए हैं।
मछलीपालन विभाग के अधिकारियों ने आज हैदराबाद से दूरभाष पर बताया कि उत्सव का मुख्य उद्देश्य मछलीपालन के महत्व की जानकारी देकर किसानों और मछुआरों में इसके लिए जागरूकता लाना है।
इस उत्सव में मछली उत्पादन की विभिन्न तकनीकों ,मत्स्य प्रसंस्करण की आधुनिक विधियों सहित मछलियों से बने तत्काल खाने योग्य उत्पादों की भी जानकारी दी जा रही है।
उत्सव में सजावटी मछलियों के उत्पादन एवं रख-रखाव का प्रदर्शन भी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस उत्सव में छत्तीसगढ़ में मछलीपालन के लिए संचालित योजनाओं और प्रगति का जीवंत प्रदर्शन किया गया है।
छत्तीसगढ़ के स्टॉल में विभागीय अधिकारी आगंतुकों को प्रदेश में मछली पालन की गतिविधियों से भी अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में भोजन के रूप में मछली के उपयोग से कुपोषण को हटाने के संबंध में भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
मछलियों से बने भोज्य पदार्थ और उन्हें बनाने के लिए जरूरी उपकरणों का प्रदर्शन भी आगंतुकों के लिए इस उत्सव में किया जा रहा है। केन्द्रीय मात्स्यिकी संस्थान के द्वारा लगाए गए स्टॉल में मछलियों से बने विभिन्न स्वादिष्ट भोजन को आगंतुकों को खाने के लिए भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
36गढ़ डाट इन
|