Mon, 02 Aug 2010 00:06:00 +0000 समाचार की सत्यता समझने की प्रवृत्ति विकसित करने की जरूरत : राज्यपाल
राज्यपाल श्री शेखर दत्त आज रायपुर में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय द्वारा 'प्रायोजित समाचार की चुनौतियां' विषय पर आयोजित संगोष्ठी में शामिल हुए।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,1 अगस्त(36गढ़ डाट इन) राज्यपाल श्री शेखर दत्त आज रायपुर में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय द्वारा 'प्रायोजित समाचार की चुनौतियां' विषय पर आयोजित संगोष्ठी में शामिल हुए।
राज्यपाल श्री दत्त ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रचार, विज्ञापन एवं प्रमोशन पत्रकारिता नहीं है, बल्कि किसी सूचना के संचार, अन्वेषण, समालोचना, समीक्षा एवं टिप्पणी के माध्यम से सच को सामने लाना पत्रकारिता है।
पत्रकारिता से जुड़े लोगों की यह जिम्मेदारी है कि वे जनसामान्य को जागरूक, प्रबुध्द उपभोक्ता (नागरिक) बनाने की दिशा में प्रयास करें, ताकि लोग प्रायोजित एवं यथार्थ समाचार के बीच का अन्तर समझ सके।
श्री दत्त ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार और समालोचकों की मीडिया के प्रति रचनात्मक जिम्मेदारी एवं प्रस्थिति हमेशा बनी रहेगी। मीडिया अपनी समीक्षा एवं परिमार्जन करने में स्वयं सक्षम है।
भाषा से संवाद या संचार होता है। भाषा का सही तरीके से इस्तेमाल कर जनसामान्य तक सूचनाओं को पहुंचाना पत्रकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्पिक मैके संस्था भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रतिबध्द है और वर्तमान समय में हमारे देश में दो प्रकार की धाराएं दिखाई पड़ती हैं - एक क्लासिकल और दूसरी पॉप।
उसी प्रकार पत्रकारिता में भी क्लासिकल पत्रकारिता के अंतर्गत समीक्षा, समालोचना तथा टिप्पणी शामिल होती है, जबकि पॉप पत्रकारिता में मुद्दा कम तथा विज्ञापन व प्रस्तुतिकरण आकर्षक होता है।
ऐसी पत्रकारिता अधिक समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि खराब उत्पाद हमेशा नहीं बिक सकता। जीत हमेशा सच की होती है और मीडिया सच को सामने लाने का महत्वपूर्ण साधन है।
श्री दत्त ने कहा कि पत्रकार स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा, स्वच्छता आदि के संबंध में नवीन नीतियों एवं योजनाओं के समाचार से पाठकों को अवगत कराते हैं और इसे बढ़ावा देते हैं।
नई योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना, संचार एवं प्रशिक्षण तीन चरण अपनाए जाते हैं। पत्रकारों का यह दायित्व है कि सूचनाओं का प्रसारण करें और लोगों के विचारों में परिवर्तन लाने का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना भविष्य खोज रहे पत्रकार ईमानदारीपूर्वक कार्य करते हुए समाज की सेवा कर सकते हैं।
36गढ़ डाट इन
|