Fri, 03 Sep 2010 20:53:00 +0000 कार्य में लापरवाही बरतने वाले 6 कर्मचारी निलंबित
राजनांदगांव जिले के कलेक्टर ने खैरागढ़ विकासखंड के छह कर्मचारियों को कार्य से अनुपस्थित रहने और लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,3 सितम्बर(36गढ़ डाट इन ) राजनांदगांव जिले के कलेक्टर ने खैरागढ़ विकासखंड के छह कर्मचारियों को कार्य से अनुपस्थित रहने और लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र का दौरा नहीं करने और रोजगार गारंटी योजना की मजदूरी भुगतान नहीं होने पर खैरागढ़ जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और योजना के कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस दिया है।
कलेक्टर ने कल राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ विकासखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान कार्य से अनुपस्थित पाए ग्राम गातापार के पुरूष स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्री कुमार जानू, गातापार शासकीय हाईस्कूल के शिक्षा कर्मी वर्ग-दो श्री नरेश कुर्रे, संकुल समन्वयक श्रीमती समल्या कुर्रे, ग्राम पंचायत बैगाटोला के पंचायत सचिव श्री माखनलाल मरकाम और ग्राम चंगुर्दा प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक श्रीमती प्रेमलता श्रीवास्तव को कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसी तरह ग्राम गातापार के पटवारी श्री मारकण्डेय को भी निलंबित कर दिया गया है। श्री मारकण्डेय के विरूध्द भूमि का नक्शा और खसरा के लिए किसानों से पचास-पचास रूपए लिये जाने की शिकायत कलेक्टर से की गई थी।
36गढ़ डाट इन
|