छत्तीसगढ़ में दस फरवरी से लेकर सोलह फरवरी तक निरंतर पांच दिनों तक संपूर्ण वनक्षेत्रों में जंगली जानवरों की गणना की जायेगी।
रायपुर 04 फरवरी (36गढ़ डाट इन)-जंगली जानवरों की गणना के चलते आगामी 10 फरवरी से 16 फरवरी 2010 तक बार-नवापारा सहित प्रदेश के सभी अभयारण्यों और राष्ट्रीय उद्यानों में पर्यटकों और अन्य लोगों के लिए प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में दस फरवरी से लेकर सोलह फरवरी तक निरंतर पांच दिनों तक संपूर्ण वनक्षेत्रों में जंगली जानवरों की गणना की जायेगी।
वन विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि वन विभाग के प्रशासन की सबसे छोटी ईकाई 'बीट' को आधार पर जानवरों की गिनती की जायेगी।
प्रत्येक परिसर में एक ट्रांसिक्ट लाईन खींचकर वन कर्मी एक साथ एक ही समय में पैदल भ्रमण करते हुए जंगली जानवरों की गिनती करेंगे।
इस दौरान वनक्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, ताकि जंगली पशुओं की दिन-चर्या प्रभावित नहीं हो। वन-कर्मी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से मिले प्रमाणों के आधार पर गणना करेंगे।
इसलिए दस फरवरी से सोलह फरवरी तक प्रदेश के सभी अभयारण्यों में पर्यटकों और अन्य लोगों के प्रवेश पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इस अवधि के लिए वन विश्राम गृहों के आरक्षण संबंधी आवेदन भी स्वीकार नहीं किये जाएंगे।
36गढ़ डाट इन