Thu, 25 Aug 2011 23:23:00 +0000 पर्यटन मंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय
माना-तूता पिकनिक स्पॉट को विश्व स्तरीय पर्यटन केन्द्र बनाने का प्रस्ताव जगदलपुर में संभागीय पर्यटन कार्यालय खुलेगा
36गढ़ डाट इन
रायपुर,25 अगस्त(36गढ़ डाट इन) पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में आज यहां छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल की बैठक आयोजित की गयी।
इसमें प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के विभिन्न उपायों और सुझावों पर विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) जिले के प्रसिध्द पुरातात्विक स्थल बारसूर में वहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखकर हर साल मकर संक्रांति के अवसर पर बारसूर महोत्सव आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
राजधानी रायपुर के नजदीक स्थित माना-तूता पिकनिक स्पॉट को पब्लिक प्रायवेट पार्टनरशिप से अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत कार्य योजना बनायी जाएगी।
इसके लिए केन्द्र शासन के पर्यटन विभाग के दिशा-निर्देर्शो के अनुसार कार्य योजना बनाने विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएगी और इस स्थल के विकास के लिए जरूरी धनराशि प्राप्त करने केन्द्र शासन को भेजा जाएगा।
बैठक में छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय, उपाध्यक्ष श्री विजय तिवारी, विधायक एवं सदस्य श्री दीपक पटेल, अन्य सदस्य सर्वश्री कीर्ति व्यास, अनूप सूद, शंकर पंसारी, आकाश विग, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव श्री सुब्रत साहू, सचिव वित्त विभाग श्री आर.एस. विश्वकर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के प्रबंध संचालक श्री तपेश झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। माना-तूता पिकनिक स्पॉट को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का पिकनिक स्पॉट बनाने के लिए प्रस्तावित योजना के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि इस पर्यटन स्थल का रकबा एक सौ एकड़ है। वर्तमान में यहां पर आठ कॉटेज, दो कैफेटेरिया तथा बीस एकड़ क्षेत्रफल में गार्डन विकसित किया जा चुका है।
अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का पिकनिक स्पॉट बनाने के लिए यहां पर हेल्थ सेन्टर, स्पा, स्वीमिंग पुल, गार्डन, वाटर वर्ल्ड, थ्री-स्टार होटल, आईस हाउस, गोल्फ कोर्स, कला अकादमी, ओपन रेस्टोरेन्ट, एडवेन्चर स्पोर्टस एक्टीविटीस के लिए अधोसंरचना विकसित करने का प्रस्ताव है।
अधिकारियों ने बताया कि राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक विवेकानंद सरोवर (बूढ़ा तालाब) के मध्य स्थित नीलाब उद्यान में म्यूजिकल फाउंटेन शुरू करने का काम चल रहा है। श्री अग्रवाल ने इस कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बूढ़ा तालाब के पानी को साफ करने तथा इसके सौन्दर्यीकरण के लिए केन्द्र शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।
बस्तर जिले कमुख्यालय जगदलपुर में अगले माह से संभागीय पर्यटन कार्यालय खोला जाएगा। रायपुर-महासमुन्द मार्ग में स्थित छत्तीसगढ़ होटल को भव्य और अधिक सुविधायुक्त बनाने का निर्णय भी इस बैठक में लिया गया। इसके लिए व्यापक प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन के क्षेत्र में विकसित देश के विभिन्न राज्यों की पर्यटन नीति का अध्ययन करने के बाद छत्तीसगढ़ की पर्यटन प्रोत्साहन योजना में जरूरी संशोधन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रसिध्द जलप्रपात चित्रकोट में बारहों माह पानी की व्यवस्था करने के लिए प्रस्ताव करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रदेश के पर्यटन स्थलों के पास बनाए गए होटल-मोटल में पर्यटन सूचना केन्द्र, शिल्प केन्द्र और हर्बल काउंटर खोलने के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्री अग्रवाल ने प्रदेश के प्रतिभावान स्कूली बच्चों को पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने तथा राजधानी रायपुर के पर्यटन आकर्षणों पर आधारित ब्रोशर छपवाने के निर्देश दिए। श्री अग्रवाल ने बैठक में कहा कि छत्तीसगढ़ के चार प्रमुख स्थलों सरोरा दादर, मैनपाट, राजमेरगढ़ और चैतुरगढ़ को हिल स्टेशन के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
36गढ़ डाट इन
|